राजस्थान में ट्रेन उड़ाने की बड़ी साजिश! अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर जोरदार ब्लास्ट, ट्रेन गुजरने के 45 मिनट बाद धमाका; ATS-IB और बम निरोधक दस्ता जांच में जुटा

 

डेस्क/श्रीगंगानगर।राजस्थान के सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध विस्फोट की घटना से हड़कंप मच गया है। अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर गांव 50 जीबी के पास मंगलवार देर रात जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि रेलवे पटरी को सहारा देने वाले सीमेंट के दो स्लीपर पूरी तरह टूट गए। उनके अंदर लगा लोहे का सरिया बाहर निकल आया और पटरी के नीचे करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया। धमाके की आवाज करीब 200 मीटर दूर तक सुनाई दी। घटना के बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।

सबसे राहत की बात यह रही कि धमाके से करीब 45 मिनट पहले इसी ट्रैक से एक पैसेंजर ट्रेन गुजर चुकी थी। अगर विस्फोट ट्रेन के गुजरने से पहले होता तो बड़ा रेल हादसा हो सकता था। घटना की गंभीरता को देखते हुए श्रीगंगानगर के एसपी हरिशंकर सहित पुलिस, रेलवे, एटीएस, आईबी, सीआईडी, एफएसएल और बम निरोधक दस्ते की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 8:30 बजे अनूपगढ़ जंक्शन से सूरतगढ़ की ओर पैसेंजर ट्रेन रवाना हुई थी। यह ट्रेन रात करीब 9 बजे गांव 50 जीबी के पास से सुरक्षित गुजर गई। इसके लगभग 45 मिनट बाद रात करीब 9:45 बजे रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर आसपास की ढाणियों में रहने वाले ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए। जब लोग रेलवे लाइन के पास पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। ट्रैक के नीचे लगे सीमेंट के स्लीपर टूटकर बिखरे पड़े थे। अंदर का सरिया बाहर निकल आया था और आसपास की गिट्टी भी दूर तक बिखरी हुई थी।

धमाके से रेलवे पटरी और स्लीपर को जोड़ने वाले लॉक भी क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। ट्रैक के बीच बने गड्ढे और टूटे स्लीपर देखकर रेलवे लाइन को नुकसान पहुंचाने की आशंका जताई जा रही है।

 

घटना की सूचना मिलते ही रामसिंहपुर थाना पुलिस और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद श्रीगंगानगर के एसपी हरिशंकर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईबी और सीआईडी की टीमें रात करीब दो बजे मौके पर पहुंचीं। एटीएस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की। बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक जांच के लिए नमूने जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि रेलवे ट्रैक पर किस तरह का विस्फोट हुआ और इसके पीछे किसी की साजिश है या नहीं।

धमाके के बाद रेलवे प्रशासन ने एहतियातन अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी। सुरक्षा कारणों से बुधवार सुबह छह बजे चलने वाली अनूपगढ़-बठिंडा पैसेंजर ट्रेन को रद्द किए जाने की जानकारी सामने आई है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, इस रेलखंड पर सुबह नौ बजे तक ट्रेनों का परिचालन रोककर ट्रैक की सुरक्षा जांच की गई। रेलवे की टीम क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण कर रही है, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना की आशंका को दूर किया जा सके।

 

इस घटना ने इसलिए भी सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि हाल ही में इसी सीमावर्ती इलाके में करीब 7.5 किलोग्राम आरडीएक्स बरामद होने का मामला सामने आया था। हालांकि, श्रीगंगानगर के एसपी हरिशंकर ने स्पष्ट किया है कि रेलवे ट्रैक पर हुए संदिग्ध धमाके का बरामद आरडीएक्स से फिलहाल कोई स्थापित संबंध सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि अभी घटना की वास्तविक प्रकृति और कारणों के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

सीमावर्ती इलाके में रेलवे ट्रैक पर हुआ यह धमाका कई सवाल खड़े कर रहा है। जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि क्या किसी ने जानबूझकर रेलवे लाइन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी? क्या किसी यात्री ट्रेन को निशाना बनाने की योजना थी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? फिलहाल इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही मिल सकेगा। पुलिस ने अभी किसी आतंकी संगठन या संदिग्ध व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है।

फिलहाल श्रीगंगानगर पुलिस, रेलवे प्रशासन और केंद्रीय जांच एजेंसियां मामले की हर पहलू से जांच कर रही हैं। सीमावर्ती क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद रेलवे ट्रैक और आसपास के इलाकों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

error: Content is protected !!