महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए ASI ने खिड़की से ग्रामीणों पर बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां, एक की मौत, तीन घायल; वारदात के बाद आरोपी पुलिसकर्मी फरार
मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले में खाकी वर्दी को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। महिला के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े जाने के बाद एक एएसआई इस कदर बौखला गया कि उसने अपनी सर्विस पिस्टल से ग्रामीणों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस खूनी वारदात में 50 वर्षीय अशोक यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ग्रामीण गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी एएसआई मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है।
घटना बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव की है। आरोपी एएसआई की पहचान चंद्रमोहन के रूप में हुई है, जो बलिराजगढ़ में पुरातात्विक खुदाई स्थल की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात था। बताया जा रहा है कि एएसआई अक्सर एक महिला के घर आता-जाता था। सोमवार की रात करीब 11 बजे वह कथित तौर पर महिला के घर पहुंचा था। इसी दौरान ग्रामीणों को उसकी गतिविधियों पर शक हुआ और उसे महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया गया।
कमरे में बंद होते ही बौखलाया ASI, खिड़की से शुरू कर दी फायरिंग
स्थानीय निवासी ओम प्रकाश यादव के अनुसार, एएसआई के घर में होने की जानकारी मिलते ही पड़ोस की एक महिला ने साहस दिखाते हुए कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुट गए। खुद को कमरे में बंद और चारों तरफ से घिरा देखकर एएसआई बुरी तरह बौखला गया।
आरोप है कि इसके बाद उसने अपनी सरकारी रिवॉल्वर निकाली और खिड़की से बाहर खड़े ग्रामीणों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एएसआई ने करीब पांच से छह राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर भगदड़ मच गई। गोलियों की चपेट में आकर अशोक यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग के बाद आरोपी एएसआई वहां से फरार हो गया।
एक की मौत, तीन ग्रामीण जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे
इस गोलीबारी में अशोक यादव (50) की जान चली गई। वहीं फूलो देवी, विजेंद्र यादव और धनिक लाल यादव घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। एसपी योगेंद्र कुमार के अनुसार, फूलो देवी के पेट में, विजेंद्र यादव के गले के पास और धनिक लाल यादव के पैर में गोली लगी है। अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा है।
खुद अस्पताल पहुंचे एसपी, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए मधुबनी के एसपी योगेंद्र कुमार खुद सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों तथा उनके परिजनों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी एएसआई चंद्रमोहन अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया है। आरोपी को निलंबित करने के साथ उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। एसपी ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तारी के बाद मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर कड़ी सजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
वर्दी की आड़ में कथित करतूत, फिर गोलियों से दहला गांव
जिस पुलिसकर्मी पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, उसी पर ग्रामीणों की हत्या और जानलेवा हमले का आरोप लगा है। महिला के घर पहुंचने से शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में खूनी वारदात में बदल गया। एक ग्रामीण की जान चली गई और तीन लोग अस्पताल पहुंच गए। घटना ने पुलिस महकमे में भी हलचल मचा दी है। फिलहाल गांव में पुलिस की तैनाती है और फरार एएसआई की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

