जमीन विवाद में रची गई थी रामू उरांव की हत्या की साजिश, पुलिस ने दो और आरोपियों को दबोचा;अब तक पांच गिरफ्तार
राँची।जिले के माण्डर थाना क्षेत्र के टिको टोली स्थित डेयरी के पास गोली मारकर की गई रामू उरांव (55) की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मामले में अब तक कुल पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस की जांच में हत्या के पीछे करीब 10 वर्षों से चला आ रहा जमीन विवाद सामने आया है। इसी विवाद को लेकर सुनियोजित साजिश के तहत रामू उरांव की गोली मारकर हत्या किए जाने की बात आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 को माण्डर थाना क्षेत्र के टिको टोली गांव स्थित डेयरी के पास ग्राम सेवाडीह निवासी रामू उरांव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही माण्डर थाना प्रभारी, खलारी डीएसपी और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन पर माण्डर थाना कांड संख्या 113/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक राँची के निर्देश पर एसपी ग्रामीण के निर्देशन में खलारी डीएसपी रामनारायण चौधरी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई। टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और छापेमारी कर पहले तीन आरोपियों राम जनम सिंह, तेज नारायण सिंह उर्फ तेजना सिंह और धुरवा सिंह उर्फ धुरू सिंह को गिरफ्तार किया। तीनों को 30 अक्टूबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
पुलिस ने मामले की जांच और छापेमारी जारी रखी। इसी क्रम में 1 नवंबर को ठाकुरगांव थाना क्षेत्र से दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में कुलदीप सिंह और राजेन्द्र सिंह उर्फ विपीन सिंह शामिल हैं। दोनों से पूछताछ में जमीन विवाद को हत्या की वजह बताया गया है। इस तरह रामू उरांव हत्याकांड में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस का कहना है कि हत्याकांड में शामिल शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
पांच आरोपियों की गिरफ्तारी
1. राम जनम सिंह (50 वर्ष)
2. तेज नारायण सिंह उर्फ तेजना सिंह (32 वर्ष)
3. धुरवा सिंह उर्फ धुरू सिंह (27 वर्ष)
4. कुलदीप सिंह (करीब 40 वर्ष)
5. राजेन्द्र सिंह उर्फ विपीन सिंह (करीब 29 वर्ष) पहले तीनों आरोपी 30 अक्टूबर को और बाद के दो आरोपी 1 नवंबर को गिरफ्तार किए गए।
खलारी डीएसपी रामनारायण चौधरी के नेतृत्व में गठित छापेमारी दल में माण्डर इंस्पेक्टर जय प्रकाश राणा, माण्डर थाना प्रभारी मनोज करमाली, चान्हो थाना प्रभारी टिंकु रजक सहित माण्डर थाने के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे।

