बेटी को मुंबई छोड़ लौटे थे टाटा स्टील के पूर्व अधिकारी, 10वीं मंजिल से छलांग लगाकर दी जान; आखिर किस बात का था तनाव?

 

जमशेदपुर। बेटी को मुंबई के कॉलेज में दाखिला दिलाकर करीब 15 दिन पहले जमशेदपुर लौटे टाटा स्टील के मर्चेंट मिल के पूर्व अधिकारी संदीप पाल (62) सोमवार की सुबह अचानक ऐसा कदम उठा लिया, जिसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। बारीडीह स्थित विजया गार्डन फेज-7 की बहुमंजिला इमारत से कूदने के बाद उनकी मौत हो गई।

बताया गया कि संदीप पाल फ्लैट में परिवार के साथ रहते थे। सोमवार सुबह करीब 5 बजे वह बिना किसी को कुछ बताए घर से निकले और इमारत की ऊपरी मंजिल पर चले गए। कुछ ही देर बाद उन्होंने वहां से छलांग लगा दी। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल टीएमएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

परिजनों के अनुसार, संदीप पाल पिछले कुछ दिनों से काफी तनाव में थे। करीब 15 दिन पहले वह अपनी बेटी का दाखिला मुंबई के एक कॉलेज में कराने गए थे। बेटी को मुंबई में छोड़कर लौटने के बाद वह लगातार उसकी सुरक्षा, वहां के रहन-सहन और माहौल को लेकर चिंतित रहने लगे थे।बताया जा रहा है कि इसी वजह से वह मानसिक रूप से काफी परेशान थे। हालांकि, परिवार की चिंता आखिर किस स्तर तक पहुंच गई थी कि उन्होंने इतना बड़ा कदम उठा लिया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

घटना के समय परिजन घर में सो रहे थे। शंकर हेंब्रम के अनुसार, उन्हें घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि संदीप पाल बेटी को मुंबई में छोड़कर आने के बाद काफी परेशान चल रहे थे।बिरसानगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। परिजनों और आसपास के लोगों से जानकारी ली जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना से पहले संदीप पाल की मानसिक स्थिति कैसी थी और क्या किसी अन्य वजह से भी वह तनाव में थे।

error: Content is protected !!