​सुबह बंद था दरवाजा… किराएदार ने खिड़की से झांका तो उड़ गए होश, 20 साल के युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या….

राँची।​राजधानी राँची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित अपर हटिया में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 20 वर्षीय हर्ष कुमार साहू नामक युवक ने अपने ही घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक युवा का इस तरह अचानक दुनिया से चले जाना पूरे इलाके को स्तब्ध कर गया है।

सुबह जब काफी देर तक हर्ष के कमरे में कोई हलचल नहीं हुई और दरवाजा अंदर से बंद रहा, तो घर में मौजूद किराएदार को अंदेशा हुआ। आवाज देने पर भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई, तो किराएदार ने कमरे की खिड़की से अंदर झांका। अंदर का नजारा देखते ही उसके होश उड़ गए,हर्ष फंदे से लटका हुआ था। किराएदार के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और तुरंत जगन्नाथपुर पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर शव को अपने कब्जे में लिया। आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया। पुलिस ने मृतक के पिता के लिखित आवेदन पर यूडी केस का मामला दर्ज कर लिया है।

20 साल की इस उम्र में हर्ष ने यह घातक कदम क्यों उठाया, इसका जवाब फिलहाल पहेली बना हुआ है। मौके से किसी तरह का सुसाइड नोट मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। जगन्नाथपुर पुलिस अब हर्ष के परिजनों, उसके दोस्तों और करीबियों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही पुलिस हर उस पहलू को खंगालने में जुटी है जो इस खामोशी के पीछे की वजह को सामने ला सके।

error: Content is protected !!