पत्नी पर अश्लील टिप्पणी से भड़का होटल मालिक…अपने ही होटल के सेल्समैन की टांगी से काटकर कर दी हत्या, 50 हजार में तय किया था सौदा; दो गिरफ्तार
राँची।राजधानी राँची के पिठौरिया थाना क्षेत्र में कृष्णा स्वीट्स के सेल्समैन बानेश्वर गोराई उर्फ राहुल हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस हत्याकांड की साजिश किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि उसी होटल के मालिक ने रची थी, जहां मृतक काम करता था। पुलिस ने हत्या के आरोप में होटल मालिक कृष्णा कुमार उर्फ लंगडू और होटल के सफाईकर्मी अमित कुमार उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक द्वारा होटल मालिक की पत्नी पर कथित तौर पर छेड़खानी और अश्लील टिप्पणियां करने, होटल की बिक्री के रुपये गबन करने और कर्मचारियों को अपने साथ लेकर चले जाने से मालिक काफी नाराज था। इसी खुन्नस में उसने सफाईकर्मी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।आज ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने प्रेस वार्ता में पूरी जानकारी दी।
50 हजार रुपये में तय हुआ था हत्या का सौदा, 7 हजार एडवांस
पुलिस के अनुसार, 29-30 अक्टूबर 2026 की रात पिठौरिया थाना क्षेत्र के करकट्टा मोड़ के पास बानेश्वर गोराई उर्फ राहुल (30 वर्ष) की टांगी से मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के मानबाजार थाना क्षेत्र के सिंदुरपुर गांव का रहने वाला था और पिठौरिया स्थित कृष्णा स्वीट्स में सेल्समैन के रूप में काम करता था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान होटल मालिक कृष्णा कुमार उर्फ लंगडू और सफाईकर्मी अमित कुमार उर्फ बिट्टू की भूमिका सामने आई। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। होटल मालिक ने सफाईकर्मी अमित कुमार के साथ मिलकर बानेश्वर की हत्या की योजना बनाई थी। हत्या में सहयोग करने के बदले अमित को 50 हजार रुपये देने का वादा किया गया था। इसके लिए उसे अग्रिम के तौर पर 7 हजार रुपये भी दिए गए थे।
पत्नी पर टिप्पणी और रुपये के गबन से बढ़ती गई नाराजगी
पुलिस की जांच में सामने आया कि कृष्णा स्वीट्स के मालिक कृष्णा कुमार की पत्नी अक्सर होटल में पूजा करने आती थी। इसी दौरान मृतक बानेश्वर द्वारा कथित तौर पर उनके खिलाफ अभद्र और अश्लील टिप्पणियां की जाती थीं। इसके अलावा होटल की बिक्री के रुपये भी गबन किए जा रहे थे, जिससे मालिक को आर्थिक नुकसान हो रहा था।
इतना ही नहीं, मृतक पश्चिम बंगाल से पिठौरिया इलाके के विभिन्न होटलों में काम करने के लिए स्टाफ और वेटर उपलब्ध कराने का काम भी करता था। कृष्णा स्वीट्स में काम करने वाले कुछ कर्मचारियों को भी वही लेकर आया था। पुलिस के अनुसार, जब होटल मालिक इन गतिविधियों को लेकर उसे डांटता-फटकारता था तो वह कुछ दिनों के लिए होटल छोड़कर चला जाता था और अपने साथ वहां काम करने वाले दूसरे कर्मचारियों को भी ले जाता था। इन तमाम घटनाओं से होटल मालिक के मन में नाराजगी बढ़ती गई और आखिरकार उसने हत्या की साजिश रच डाली।
ससुराल जाने के दौरान पीछा कर करकट्टा मोड़ पर की हत्या
पुलिस के अनुसार, घटना के दिन बानेश्वर अपने ससुराल जा रहा था। इसी दौरान पहले से तय योजना के तहत उसका पीछा किया गया। करकट्टा मोड़ के पास मौका मिलते ही टांगी से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने की कोशिश भी की। हालांकि, पुलिस की तकनीकी जांच और साक्ष्य संकलन के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मोटरसाइकिल, टांगी, मोबाइल और सीसीटीवी का DVR बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (JH01CE-8795), एक मोबाइल फोन, मृतक का मोबाइल फोन, हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और घटना के दौरान आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। इसके अलावा एक DVR, दो वाई-फाई राउटर और एक स्कूटी भी जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपी:
1.कृष्णा कुमार उर्फ लंगडू (29 वर्ष), पिता गोपाल महतो, निवासी कोयरी मोहल्ला, पिठौरिया।
2.अमित कुमार उर्फ बिट्टू (22 वर्ष), पिता स्व. जगदीश महतो, मूल निवासी बचरा, थाना पिपरवार, जिला चतरा। वर्तमान पता पिठौरिया नीचे टोला, राँची।पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है।
इस हत्याकांड के उद्भेदन के लिए गठित टीम में वरीय पुलिस उपाधीक्षक अमर कुमार पाण्डेय, कांके थाना प्रभारी कुणाल कुमार, पिठौरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार सहित नगड़ी, ओरमांझी और अन्य थानों के पुलिस पदाधिकारी तथा तकनीकी शाखा की टीम शामिल थी।पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट हुआ कि होटल के भीतर चल रहा विवाद आखिरकार एक सुनियोजित हत्या की साजिश में बदल गया। जिस होटल में मृतक रोजी-रोटी कमाता था, उसी होटल के मालिक पर उसकी हत्या की साजिश रचने का आरोप है।

