हजारीबाग में होटल AK इंटरनेशनल पर अपराधियों का तांडव: मुख्य गेट पर अंधाधुंध फायरिंग, शीशा चकनाचूर; गार्ड बाल-बाल बचा, राहुल दुबे ने ली जिम्मेदारी
हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग में अपराधियों के हौसले एक बार फिर पुलिस के लिए चुनौती बनकर सामने आए हैं। शहर के मटवारी स्थित होटल AK इंटरनेशनल को गुरुवार की रात अपराधियों ने गोलियों का निशाना बनाया। तीन-चार की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने होटल के मुख्य प्रवेश द्वार पर अंधाधुंध फायरिंग की और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। गोली लगने से होटल के मुख्य दरवाजे का शीशा टूटकर बिखर गया। इस दौरान होटल का सुरक्षा गार्ड बाल-बाल बच गया। गनीमत रही कि गोलीबारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना गुरुवार रात करीब 10:10 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, अपराधी अचानक होटल के बाहर पहुंचे और मुख्य गेट को निशाना बनाकर कई राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई गोलीबारी से होटल परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। अपराधियों ने होटल को ही निशाना क्यों बनाया, शुरुआत में इसका पता नहीं चल सका था।
सीसीटीवी में कैद हुए तीन हमलावर, पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एडिशनल एसपी अमित कुमार, सदर एसडीपीओ रूपक कुमार और कोर्रा थाना प्रभारी सहित विभिन्न थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में तीन हमलावर गोली चलाते दिखाई दिए हैं। पुलिस होटल के अलावा आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
फायरिंग के बाद राहुल दुबे की पोस्ट, गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा
होटल पर गोलीबारी की घटना के तुरंत बाद कुख्यात अपराधी राहुल दुबे के नाम से सोशल मीडिया पर एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई। इस पोस्ट में गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में अभय सिंह को निशाना बनाते हुए कहा गया है कि उसके मैसेज और कॉल को नजरअंदाज करने के कारण यह घटना हुई। साथ ही उसे जल्द संपर्क कर मामला मैनेज करने की धमकी दी गई है।पोस्ट में चेतावनी दी गई है कि यदि बात नहीं मानी गई तो अगली बार उसके घर या परिवार के किसी सदस्य को निशाना बनाया जा सकता है। इतना ही नहीं, अगली कार्रवाई में सीधे सिर पर गोली मारने जैसी धमकी भी दी गई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर जारी इस विज्ञप्ति की प्रामाणिकता और घटना में राहुल दुबे की वास्तविक भूमिका की पुलिस जांच अभी जरूरी है।
कोयला कारोबारियों और ट्रांसपोर्टरों को भी धमकी, अवैध कोयला उत्खनन का जिक्र
सोशल मीडिया पर जारी विज्ञप्ति में केवल होटल गोलीबारी तक ही बात सीमित नहीं रही। राहुल दुबे के नाम से जारी पोस्ट में हजारीबाग के कोयला कारोबारियों और ट्रांसपोर्टरों को भी चेतावनी दी गई है। पोस्ट में कहा गया है कि उससे संपर्क और कथित तौर पर मैनेज किए बिना क्षेत्र में कोई कारोबार शुरू नहीं किया जाए, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।विज्ञप्ति में न्यू बिरसा साइडिंग में कथित अवैध कोयला उत्खनन का भी जिक्र किया गया है। इसमें संजय करमाली और सोनाराम मांझी पर दोबारा अवैध तरीके से कोयला उठाने का काम शुरू करने का आरोप लगाया गया है। पोस्ट में दावा किया गया है कि होटल पर हुई गोलीबारी इसी विवाद का नतीजा है। इसके साथ ही संजय करमाली, सोनाराम मांझी, नितेश साव और पप्पू खान को कथित तौर पर अपना अवैध सिंडिकेट चलाने और बाहरी डीओ होल्डरों को काम करने से रोकने की गतिविधियां बंद करने की चेतावनी दी गई है।
पुलिस की कार्रवाई तेज
होटल पर हुई फायरिंग के बाद अब पुलिस के सामने एक तरफ सीसीटीवी में दिख रहे हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने में जुट गई है।सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ अपराधियों के दबोचने की सूचना हैं।हलांकि अभी अधिकारिक पुष्टि नहीं है।पुलिस की कार्रवाई जारी है।

