राँची में बेकाबू स्कॉर्पियो का कहर… 14 वर्षीय छात्रा गंभीर रूप से घायल, हादसे के बाद सड़क पर पलटी गाड़ी
राँची। राजधानी राँची के ग्रामीण इलाके में बुधवार की सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक मासूम छात्रा की जिंदगी में ऐसा दर्द भर दिया कि सुनकर हर कोई सिहर उठे। घर में पेयजल की सुविधा नहीं होने के कारण चापानल से पानी लेकर लौट रही 14 वर्षीय छात्रा मिठू कुमारी को स्कॉर्पियो ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयावह थी कि छात्रा का दायां पैर शरीर से अलग हो गया। गंभीर रूप से घायल छात्रा को बेहतर इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद स्कॉर्पियो भी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। 
सुबह 6:30 बजे बैंक मोड़ चौक के पास हादसा
घटना बुधवार, 21 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे बुढ़मू-ठाकुरगांव-रातू मुख्य पथ पर भागीवीर स्थित बैंक मोड़ चौक के पास हुई। जानकारी के अनुसार, रातू की ओर से ठाकुरगांव जा रही स्कॉर्पियो की चपेट में गुरुगाईं गांव निवासी बुतरू साहू की 14 वर्षीय बेटी मिठू कुमारी उर्फ मिठू साहू आ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग घायल छात्रा की मदद के लिए जुट गए।
मिठू कुमारी ठाकुरगांव स्थित आदिवासी बाल विकास विद्यालय में नौवीं कक्षा की छात्रा है। बताया गया कि घर में पेयजल की सुविधा नहीं होने के कारण वह मुखिया जयंती देवी के घर के पास स्थित चापानल से पानी लेने गई थी। पानी लेकर वापस लौटते समय वह स्कॉर्पियो की चपेट में आ गई। एक ओर पढ़ाई कर भविष्य संवारने की उम्र और दूसरी ओर परिवार की जरूरत के लिए पानी लाने की जिम्मेदारी इसी दौरान हुए हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया।
टक्कर के बाद सड़क पर पलटी स्कॉर्पियो
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, छात्रा को टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में छात्रा का दायां पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होकर शरीर से अलग हो गया। उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेजा गया। फिलहाल छात्रा की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही ठाकुरगांव पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया। पुलिस हादसे के कारणों और वाहन चालक की भूमिका की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों और पैदल चलने वालों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

