कोडरमा में पत्नी और प्रेमी की खौफनाक साजिश…कीटनाशक का इंजेक्शन देकर पति की हत्या, फिर गुमशुदगी का नाटक..

 

कोडरमा। झारखण्ड के कोडरमा जिले से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जहां प्रेम प्रसंग में पति को रास्ते से हटाने के लिए ऐसी खौफनाक साजिश रची गई कि पुलिस भी जांच के दौरान चौंक गई। आरोप है कि पत्नी के प्रेमी ने इलाज के बहाने पति को बुलाया और कीटनाशक का इंजेक्शन देकर उसकी जान ले ली। हत्या के बाद शव को बोरे में बंद किया और बंद पड़े पत्थर खदान के पास फेंक दिया। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी किरण देवी और उसके प्रेमी सुनील ठाकुर को गिरफ्तार किया है।

कोलकाता जाने के लिए निकला था नरेश, रास्ते में बिछाया गया मौत का जाल

मामला नवलशाही थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, चौपारण निवासी नरेश ठाकुर 10 अक्टूबर को कोलकाता जाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में उसकी तबीयत खराब हो गई। इसी दौरान उसका दोस्त और झोलाछाप डॉक्टर सुनील ठाकुर इलाज करने के बहाने उसे अपने क्लीनिक पर ले गया। आरोप है कि वहीं सुनील ने नरेश को कीटनाशक से भरा इंजेक्शन लगा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

क्लीनिक में बोरे में बंद किया शव, फिर खदान के पास फेंका

हत्या के बाद आरोपी ने शव को अपने क्लीनिक में ही बोरे में बंद कर रखा। मौका मिलते ही शव को बंद पड़े पत्थर खदान के पास फेंक दिया, ताकि वारदात का सुराग मिटाया जा सके। 17 अक्टूबर को पुलिस ने खदान के पास से नरेश का शव बरामद किया। शव मिलने के बाद शुरू हुई जांच में धीरे-धीरे हत्या की साजिश का खुलासा होने लगा।

पत्नी ने दर्ज कराई गुमशुदगी, जांच में खुल गई साजिश!

पुलिस के मुताबिक, पति की हत्या के बाद किरण देवी ने चौपारण थाने में नरेश की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लेकिन पुलिस की जांच में मामला गुमशुदगी का नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का निकला। आरोप है कि किरण और सुनील के बीच वर्ष 2019 से प्रेम संबंध थे। दोनों नरेश को रास्ते से हटाकर शादी करना चाहते थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

मोबाइल और पर्स भी अलग-अलग जगह फेंके

वारदात के बाद आरोपियों ने मृतक का मोबाइल फोन और पर्स भी दो अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया था। पुलिस ने दोनों सामान बरामद कर लिए हैं। जांच में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ते हुए कथित साजिश का पर्दाफाश किया।

एसपी कुमार शिवशीष ने किया सनसनीखेज खुलासे का खुलासा

कोडरमा एसपी कुमार शिवशीष ने बताया कि शव बरामद होने के बाद अनुसंधान शुरू किया गया, जिसमें प्रेम प्रसंग के कारण हत्या किए जाने की बात सामने आई। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी किरण देवी और उसके प्रेमी सुनील ठाकुर को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

error: Content is protected !!