राँची में खूनी खेल की साजिश….12 घंटे तक युवक को पीटा, कपड़े जलाए; रोशनदान से कूदकर मौत के मुंह से भागा
राँची।राजधानी राँची में एक युवक के साथ कथित तौर पर ऐसी हैवानियत की गई, जिसे सुनकर रोंगटे खड़े हो जाएं। कमड़े चौक से सब्जी लेकर घर लौट रहे 29 वर्षीय लक्ष्मण गोप को बहाने से घर बुलाकर बंधक बनाने, करीब 12 घंटे तक बेल्ट, गैस पाइप और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटने का आरोप है। पीड़ित का दावा है कि आरोपी उसकी हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में फेंकने की बात कर रहे थे। उसके कपड़े फाड़कर जला दिए गए और मोबाइल, चांदी का ब्रेसलेट व नकदी भी छीन ली गई। आखिरकार देर रात आरोपियों के सो जाने पर युवक रोशनदान यानी वेंटिलेटर के रास्ते भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
सब्जी खरीदकर लौट रहा था युवक, फिर शुरू हुआ खौफनाक खेल
मामला रातू थाना क्षेत्र का है। दुर्गा कॉलोनी, रवि स्टील कमड़े निवासी लक्ष्मण गोप (29), पिता स्वर्गीय कालू गोप, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि सुबह करीब 10 बजे वह सब्जी खरीदने कमड़े चौक गया था। करीब 11 बजे घर लौटते समय शत्रुधन सिंह, उसके भगिना छोटू सिंह और प्रकाश गिरी ने कथित तौर पर उसे बहाने से अपने घर बुला लिया। आरोप है कि घर पहुंचते ही कमरे का दरवाजा बंद कर दिया गया और तीनों ने मिलकर उस पर हमला शुरू कर दिया।
बेल्ट, गैस पाइप और डंडों से पिटाई, शरीर पर गंभीर चोटें
पीड़ित के अनुसार, उसे करीब 12 घंटे तक कमरे में बंधक बनाकर बेल्ट, रसोई गैस के रबर पाइप और बांस के डंडों से पीटा गया। लगातार मारपीट के कारण उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। युवक ने पुलिस को बताया कि आरोपी इलाके में दबंगई करते हैं और उसे अपनी जान का खतरा है।
‘मर जाएगा तो टंकी में फेंक देंगे’, सामने ही जला दिए कपड़े
पीड़ित ने अपने आवेदन में आरोप लगाया कि पिटाई के दौरान आरोपी आपस में चर्चा कर रहे थे कि यदि उसकी मौत हो गई तो शव को सेप्टिक टैंक में डाल दिया जाएगा, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे। आरोपियों ने उसके कपड़े फाड़कर आग के हवाले कर दिए। इसके अलावा मोबाइल फोन, चांदी का ब्रेसलेट और जेब में रखे 550 रुपये भी छीन लिए गए।
आरोपी सोए तो ईंटों के सहारे रोशनदान तक पहुंचा, फिर लगाई छलांग
लगातार मारपीट और बंधक बनाए जाने के बीच लक्ष्मण को भागने का मौका तब मिला, जब देर रात आरोपी उसे दूसरे कमरे में बंद कर सो गए। पीड़ित के मुताबिक, उसने कमरे में रखी ईंटों को एक-दूसरे के ऊपर रखकर रोशनदान तक पहुंचने का रास्ता बनाया। फिर किसी तरह वेंटिलेटर से बाहर निकलकर वहां से भागा और अपनी जान बचाई। इसके बाद उसने पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की शिकायत की।
रातू थाने में प्राथमिकी दर्ज, हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में केस
लक्ष्मण गोप की शिकायत पर रातू थाना में शत्रुधन सिंह, छोटू सिंह और प्रकाश गिरी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पीड़ित ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। अब पुलिस जांच में स्पष्ट होगा कि इस कथित वारदात के पीछे क्या वजह थी और आरोपों में कितनी सच्चाई है।

