पलामू में सनसनीखेज वारदात… दुर्गा पूजा से लौट रही महिला का अपहरण कर हत्या, धान के खेत में मिला शव; आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-39 जाम किया

 

पलामू। झारखण्ड के पलामू जिले में दुर्गा पूजा समारोह से घर लौट रही एक महिला की अपहरण के बाद हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मंगलवार की रात अचानक लापता हुई महिला का शव बुधवार को गांव से कुछ दूरी पर धान के खेत में बरामद हुआ। महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका है। उसके शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बसना गांव के पास नेशनल हाईवे-39 को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

पूजा से लौटते समय लापता हुई महिला, फिर खेत में मिला शव

मामला नावाबाजार थाना क्षेत्र के बसना गांव का है। जानकारी के अनुसार, महिला मंगलवार की रात दुर्गा पूजा समारोह से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान वह लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई। परिजनों और ग्रामीणों ने गांव के ही एक युवक पर अपहरण का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया। घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।

लाठी-डंडे से पिटाई के बाद गला दबाकर हत्या की आशंका
महिला की तलाश में जुटी पुलिस को बुधवार को बसना गांव से कुछ दूरी पर धान के खेत में उसका शव मिला। शव बरामद होते ही इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महिला के शरीर पर चोट के निशान हैं और आशंका जताई जा रही है कि लाठी-डंडे से पिटाई करने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ग्रामीणों का गुस्सा फूटा, NH-39 पर वाहनों की लंबी कतार
महिला की हत्या की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने बसना के पास नेशनल हाईवे-39 को जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले जाम से आवागमन प्रभावित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की और जाम खुलवाने का प्रयास किया।

आरोपी की तलाश में छापेमारी, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

नावाबाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव ने बताया कि महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका है। उसके शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। जिस युवक पर परिजनों ने आरोप लगाया है, उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।बताया जा रहा है कि मृतका के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं और वह पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी रह चुकी थी। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

error: Content is protected !!