देवघर में दुर्गा पूजा मेला घूमने आए बिहार के युवक की गोली मारकर हत्या, आंख के नीचे से सिर के पार निकली गोली,दो हिरासत में…

 

देवघर। झारखण्ड के देवघर में दुर्गा पूजा का मेला घूमने आए बिहार के 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार की देर रात रांगा मोड़ के पास हुई इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र के गोड़यारी धर्मशाला के पास रहने वाले रौशन यादव के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में कुछ युवकों के साथ हुए विवाद के बाद उसे गोली मारी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया है।

चाय-नाश्ते और कहासुनी के बीच चली गोली
जानकारी के अनुसार, रौशन यादव अपने कुछ दोस्तों के साथ बाइक से देवघर में दुर्गा पूजा का मेला घूमने आया था। इसी दौरान वह नगर थाना क्षेत्र के रांगा मोड़ स्थित एक फर्नीचर दुकान के पास पहुंचा। सूत्रों के मुताबिक, वहां कुछ युवकों के साथ उसकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक युवक ने कथित तौर पर बेहद करीब से रौशन पर गोली चला दी।गोली रौशन की दाईं आंख के नीचे लगी और सिर के पिछले हिस्से से बाहर निकल गई। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। अचानक हुई इस वारदात से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। उसके साथ मौजूद युवक और अन्य लोग उसे आनन-फानन में देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। एसपी प्रवीण पुष्कर और एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी भी जांच में जुट गए। घटना के बाद मृतक के साथ आए कुछ युवकों ने थाना परिसर में हंगामा भी किया। उनकी गतिविधियों को देखकर उनके नशे में होने की आशंका जताई गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वारदात के पीछे नशे की हालत में हुआ विवाद एक संभावित कारण हो सकता है। हालांकि, हत्या की असली वजह अब तक स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हिरासत में लिए गए युवकों में से एक को स्थानीय गिरोह का कथित सरगना बताया जा रहा है। पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश करने के साथ-साथ हत्या में इस्तेमाल हथियार का भी पता लगा रही है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही, उन स्थानों की भी पड़ताल की जा रही है, जहां घटना से पहले युवकों के खाने-पीने और विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किसने चलाई, विवाद की शुरुआत कैसे हुई और हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश थी या नहीं।रौशन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिवार का बड़ा सहारा था रौशन
रौशन यादव अपने माता-पिता का बड़ा बेटा था। उसका एक छोटा भाई भी है। ग्रामीणों के अनुसार, रौशन सीधा-साधा युवक था। वह पढ़ाई करने के साथ अपने पिता के कारोबार में हाथ बंटाता था और गांव में पिता की परचून की दुकान की जिम्मेदारी भी संभालने लगा था।परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। घर की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाने वाला रौशन परिवार का बड़ा सहारा माना जाता था। दुर्गा पूजा का मेला घूमने निकले युवक की इस तरह गोली मारकर हत्या किए जाने से परिजन और ग्रामीण स्तब्ध हैं। फिलहाल पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट करने में जुटी है।

error: Content is protected !!