दशम फॉल में खतरनाक हिस्से में फिसला पटना का युवक, 24 घंटे बाद मिला शव

राँची। झारखण्ड मशहूर पर्यटन स्थल दशम फॉल में एक बार फिर लापरवाही जानलेवा साबित हुई। रविवार शाम घूमने पहुंचे बिहार के पटना निवासी 26 वर्षीय उज्ज्वल गुप्ता की तेज बहाव वाले गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने खतरनाक हिस्से में जाने से मना किया था, लेकिन उनकी चेतावनी को नजरअंदाज करना युवक को भारी पड़ गया। करीब 24 घंटे की तलाश के बाद सोमवार अपराह्न लगभग 4 बजे उसका शव बरामद किया गया।

जानकारी के अनुसार, उज्ज्वल गुप्ता अपने मौसेरे भाई प्रकाश कुमार के साथ रविवार शाम करीब 5:30 बजे दशम फॉल घूमने पहुंचा था। दोनों जलप्रपात के ऊपरी हिस्से में चले गए, जहां पानी का बहाव तेज और गहराई काफी अधिक है। इसी दौरान उज्ज्वल का पैर फिसल गया और वह पानी की तेज धार में बह गया। देखते ही देखते वह लापता हो गया।

चेतावनी के बावजूद खतरनाक हिस्से में पहुंचे
बताया जाता है कि स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को फॉल के खतरनाक हिस्से में जाने से मना किया था। इसके बावजूद वे वहां चले गए। हादसे के बाद युवक की तलाश शुरू की गई। सोमवार को पुलिस प्रशासन ने पर्यटक मित्रों, गोताखोरों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से अभियान चलाया। आखिरकार, अपराह्न करीब 4 बजे उज्ज्वल का शव बरामद कर लिया गया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। शव बरामद होने की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंचे। जवान बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।दशम फॉल थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने गहरे पानी में फिसलने के कारण युवक की मौत होने की पुष्टि की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।

सावधान रहें पर्यटक: दशम फॉल जैसे पर्यटन स्थलों पर पानी के तेज बहाव और गहराई को देखते हुए निर्धारित सुरक्षित सीमा में ही रहना जरूरी है। एक छोटी-सी लापरवाही भी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।

error: Content is protected !!