पाकुड़ में राशन दुकान लूटकांड का बड़ा खुलासा, गिरिडीह और दुमका के दो शातिर अपराधी गिरफ्तार; कट्टा, गोली और बाइक बरामद

 

पाकुड़। झारखण्ड के पाकुड़ जिले में राशन दुकान में फायरिंग कर लूटपाट की कोशिश करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पाकुड़िया थाना क्षेत्र के महुलपहाड़ी गांव में हुई इस घटना में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गिरिडीह निवासी एतवारी हेम्ब्रम उर्फ नरेश दा उर्फ टिंपु सोरेन और दुमका निवासी लालु कुमार उर्फ लालु राय के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक लोडेड देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन, एक लोहे का चाकू, घटना में इस्तेमाल किया गया पीठू बैग और बिना नंबर की लाल रंग की अपाची मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पहले से कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं। इनमें एतवारी हेम्ब्रम के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और प्रतिबंधित गतिविधियों से जुड़े विभिन्न मामले दर्ज हैं। वहीं, लालु कुमार उर्फ लालु राय के खिलाफ भी गोलीबारी, रंगदारी और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

फायरिंग कर राशन दुकान में लूट की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर 2026 को पाकुड़िया थाना क्षेत्र के महुलपहाड़ी गांव स्थित एक राशन दुकान में पांच से छह अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग करते हुए लूट की कोशिश की थी। घटना के बाद पाकुड़िया थाना में कांड संख्या 69/2026 दर्ज किया गया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ के पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने महेशपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल और एसआईटी का गठन किया। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर अलग-अलग इलाकों में लगातार छापेमारी की। इस दौरान पहले ही चार आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।

 

गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में 18 अक्टूबर की शाम करीब 8:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि कांड से जुड़े दो संदिग्ध व्यक्ति गुमा मोड़ और डुमरघटी की ओर से पाकुड़िया आने वाले हैं।
सूचना मिलते ही एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल ने पातपहाड़ी गांव के पास वाहन जांच शुरू कर दी। इसी दौरान बिना नंबर की लाल रंग की अपाची मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर बाइक मोड़कर भागने लगे। हालांकि, पहले से सतर्क पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।पूछताछ में उनकी पहचान गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के सतकठिया निवासी एतवारी हेम्ब्रम उर्फ नरेश दा उर्फ टिंपु सोरेन (30) और दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के हरिणसिंगा निवासी लालु कुमार उर्फ लालु राय (24) के रूप में हुई।

तलाशी में हथियार, कारतूस और घटना में इस्तेमाल बैग बरामद
पुलिस ने दोनों की तलाशी ली तो एतवारी हेम्ब्रम के पास से एक लोडेड देशी कट्टा, मोबाइल फोन और एक पीठू बैग बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, यह बैग 2 अक्टूबर को महुलपहाड़ी में हुई घटना में इस्तेमाल किया गया था।वहीं, लालु कुमार के पास से एक जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और लोहे का चाकू मिला। इसके अलावा बिना नंबर की लाल रंग की अपाची मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पुलिस ने सभी बरामद सामानों को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में घटना को लेकर अहम खुलासे
पुलिस की पूछताछ में एतवारी हेम्ब्रम ने कथित तौर पर 2 अक्टूबर को महुलपहाड़ी में हुई घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसने 7 अक्टूबर को आंगनगड़िया गांव में पुलिस से बचकर भाग निकलने की बात भी बताई।वहीं, पुलिस के अनुसार, लालु कुमार उर्फ लालु राय ने घटना की योजना में शामिल होने और छह अपराधियों को महुलपहाड़ी में लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए भेजने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब मामले में आरोपियों की भूमिका और अन्य कड़ियों की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई के संबंध में पाकुड़िया थाना कांड संख्या 78/2026, दिनांक 19 अक्टूबर 2026, धारा 317(5)/3(5) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, एतवारी हेम्ब्रम के खिलाफ अमड़ापाड़ा, गोपीकांदर, रामगढ़, शिकारीपाड़ा, काठीकुंड और सुंदरपहाड़ी समेत विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। इन मामलों में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, आगजनी, हथियारों के इस्तेमाल और प्रतिबंधित गतिविधियों से संबंधित आरोप शामिल हैं।
वहीं, लालु कुमार उर्फ लालु राय के खिलाफ शिकारीपाड़ा थाना में वर्ष 2020 के दौरान दर्ज गोलीबारी और रंगदारी से जुड़े मामले तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने की कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई में महेशपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार, पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, महेशपुर थाना प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय, रद्दीपुर ओपी प्रभारी राहुल गुप्ता, सिमलौंग ओपी प्रभारी सुकदेव साहा, तकनीकी शाखा के अरविन्द कुमार राय, नगर थाना के रवि शर्मा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी, कर्मी और पाकुड़िया थाना का सशस्त्र बल शामिल था।पुलिस की इस कार्रवाई से महुलपहाड़ी राशन दुकान लूटकांड में फरार चल रहे दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ मामले की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिली है। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य लोगों और वारदात से जुड़ी शेष कड़ियों की पड़ताल कर रही है।

error: Content is protected !!