माँ की अस्थियां लेकर रजरप्पा पहुंचे हेमंत सोरेन, संथाली रीति-रिवाज से किया विसर्जन; भाई बसंत से मिलने सिंगापुर जाने की तैयारी

 

रामगढ़/रजरप्पा। माँ के निधन के बाद पारिवारिक और धार्मिक रस्में पूरी करने में जुटे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को मां रूपी सोरेन की अस्थियां लेकर रजरप्पा पहुंचे। यहां दामोदर नदी स्थित जाङ बाहा तुपुनाई घाट पर संथाली परंपरा और रीति-रिवाज के अनुसार अस्थि विसर्जन की रस्में पूरी की गईं। इस दौरान मुख्यमंत्री परिवार के सदस्यों के साथ मौजूद रहे। पारंपरिक विधि-विधान के तहत धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर अस्थियों का विसर्जन किया गया।
घाट पर पारंपरिक रस्में घाट प्रगणक जगेश्वर सोरेन, प्राणिक वीरेंद्र मुर्मू, संरक्षक महावीर मुर्मू, कमल सोरेन और महेश मुर्मू की देखरेख में संपन्न कराई गईं। मां के निधन के बाद मुख्यमंत्री अपने पैतृक गांव नेमरा में रहकर पारिवारिक और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल हो रहे थे। सोमवार को अस्थि विसर्जन के साथ धार्मिक परंपराओं से जुड़ी महत्वपूर्ण रस्में पूरी की गईं।

अब भाई बसंत सोरेन से मिलने सिंगापुर जा सकते हैं मुख्यमंत्री
मां की अस्थि विसर्जन की रस्में पूरी होने के बाद अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सिंगापुर जाने की चर्चा है। सूत्रों के अनुसार, वह अपने छोटे भाई और दुमका विधायक बसंत सोरेन से मुलाकात करने तथा उनके स्वास्थ्य का हाल जानने के लिए 20 या 21 अक्टूबर को सिंगापुर पहुंच सकते हैं। बसंत सोरेन का वहां इलाज चल रहा है।हालांकि, मुख्यमंत्री के सिंगापुर दौरे की तारीख और यात्रा कार्यक्रम को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में उनके प्रस्थान और वापसी से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

नेमरा में परिवार के साथ बिता रहे थे समय
मां रूपी सोरेन के निधन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड स्थित अपने पैतृक गांव नेमरा में थे। इस कठिन समय में परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों ने उनके प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने मां के निधन के बाद पारिवारिक परंपराओं के अनुसार आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।सोमवार को रजरप्पा में संथाली रीति-रिवाज से अस्थि विसर्जन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके राँची स्थित मुख्यमंत्री आवास लौटने की संभावना जताई गई। अब सबकी नजर उनके संभावित सिंगापुर दौरे पर है, जहां वह अपने छोटे भाई बसंत सोरेन से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले सकते हैं।

error: Content is protected !!