गिरिडीह: दुर्गापूजा की तैयारी के बीच काल बना गैस सिलिंडर, धमाके में चाची-भतीजी की मौत
गिरिडीह। झारखण्ड के गिरिडीह जिले के धनवार प्रखंड में दुर्गापूजा की तैयारी के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। जरीसिंगा पंचायत के मनगसो गांव में रविवार शाम घर के अंदर प्रसाद बनाने के दौरान पांच किलो के छोटे गैस सिलिंडर में आग लग गई। लोग आग बुझने का इंतजार ही कर रहे थे कि अचानक जोरदार धमाका हुआ। इस हादसे में 26 वर्षीय कविता देवी और उनकी पांच वर्षीय भतीजी सीतल कुमारी की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब छह बजे कविता देवी घर में दुर्गापूजा के लिए प्रसाद तैयार कर रही थीं। इसी दौरान छोटे गैस सिलिंडर में अचानक आग लग गई। सिलिंडर से आग की लपटें उठती देख घर में मौजूद लोगों के साथ आसपास के लोग भी घबरा गए। लोग आग बुझने का इंतजार कर रहे थे, तभी सिलिंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया।
धमाके की चपेट में आईं चाची और मासूम भतीजी
सिलिंडर में विस्फोट होते ही कविता देवी और उनकी पांच वर्षीय भतीजी सीतल कुमारी उसकी चपेट में आ गईं। हादसा इतना भयावह था कि सीतल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल कविता देवी को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल धनवार ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि विस्फोट के दौरान सिलिंडर दरवाजे की किवाड़ी से भी टकराया। अचानक हुए धमाके से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जिस घर में पूजा की तैयारियां चल रही थीं, वहां कुछ ही पलों में चीख-पुकार गूंजने लगी।
त्योहार की तैयारी के बीच दो मौतों से गांव में मातम
दुर्गापूजा को लेकर मनगसो गांव में उत्साह का माहौल था। परिवार भी पूजा और प्रसाद की तैयारियों में जुटा था। लेकिन एक घरेलू हादसे ने परिवार के दो सदस्यों की जान ले ली। चाची और मासूम भतीजी की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। त्योहार की खुशियों के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।

