मशहूर बांग्ला कीर्तन गायक ब्रज किशोर सिंह की सड़क हादसे में मौत, अंडाल में बस से टकराई कार; सहयोगी हनुमान पंडित ने भी तोड़ा दम
जामताड़ा। पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में कीर्तन कार्यक्रम संपन्न कर घर लौट रहे मशहूर बांग्ला कीर्तन गायक ब्रज किशोर सिंह और उनके सहयोगी हनुमान पंडित की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। पश्चिम बंगाल के अंडाल के पास उनकी कार की एक बस से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की जान चली गई। इस दुखद खबर से जामताड़ा के बिंदापाथर क्षेत्र सहित आसपास के गांवों में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बिंदापाथर थाना क्षेत्र के फुटाबांध निवासी ब्रज किशोर सिंह अपनी टीम के साथ संदेशखाली में कीर्तन कार्यक्रम करने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अंडाल के पास उनकी कार बस से टकरा गई। दुर्घटना में ब्रज किशोर सिंह और उनके सहयोगी हनुमान पंडित की मौत हो गई। हनुमान पंडित बिंदापाथर थाना क्षेत्र के लाइबनी गांव के रहने वाले थे।
भक्ति संगीत जगत को अपूरणीय क्षति
ब्रज किशोर सिंह बांग्ला कीर्तन गायन के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखते थे। उनके गायन से बड़ी संख्या में लोग जुड़े थे। उनके असामयिक निधन से भक्ति संगीत जगत ने एक प्रतिभाशाली कलाकार खो दिया है। वहीं, उनके सहयोगी हनुमान पंडित की मौत से भी क्षेत्र के लोग गहरे सदमे में हैं।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
ब्रज किशोर सिंह अपने पीछे बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है। जिस घर में उनके लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां अब मातम पसरा है। फुटाबांध और लाइबनी गांव सहित आसपास के इलाकों में दोनों कलाकारों के निधन की खबर से शोक की लहर दौड़ गई है।

