लातेहार में थाना दिवस पर जनता की समस्याएं सुनने पहुंचे एसपी, भूमि विवाद से लेकर महिला अत्याचार तक के मामले आए सामने

 

लातेहार। आम जनता की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान को लेकर बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को लातेहार थाना परिसर में थाना दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुमार गौरव पुलिस अधीक्षक, लातेहार स्वयं मौजूद रहे और उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की शिकायतें सुनीं। एसपी ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से जांच करने और मामलों का त्वरित एवं उचित निराकरण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

थाना दिवस के दौरान मुख्य रूप से भूमि विवाद, वित्तीय लेनदेन, धोखाधड़ी और महिला अत्याचार से जुड़े मामले सामने आए। इन शिकायतों को सुनने के बाद एसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को मामले की प्रकृति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा पीड़ितों को उचित समाधान उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इस पहल का उद्देश्य आम लोगों को अपनी समस्याएं सीधे पुलिस के समक्ष रखने का अवसर देना और शिकायतों के निपटारे की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना है।

पिछले तीन महीने के आवेदनों पर भी लिया गया फीडबैक
थाना दिवस के दौरान केवल नई शिकायतों पर ही चर्चा नहीं हुई, बल्कि पिछले तीन महीनों में जनता की ओर से दिए गए आवेदनों पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की स्थिति की भी समीक्षा की गई। एसपी कार्यालय की ओर से संबंधित आवेदकों को फोन कर पुलिस की कार्रवाई के संबंध में उनकी प्रतिक्रिया ली गई। इसके माध्यम से यह जानने का प्रयास किया गया कि शिकायतों पर की गई कार्रवाई से आवेदक संतुष्ट हैं या नहीं और कहीं किसी मामले में आगे की कार्रवाई की आवश्यकता तो नहीं है।इस प्रक्रिया से शिकायतों के निष्पादन की स्थिति की जानकारी लेने और लंबित मामलों पर आवश्यक ध्यान देने में मदद मिलेगी। पुलिस प्रशासन की ओर से शिकायतों के उचित समाधान और आम जनता की समस्याओं के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

हर बुधवार सभी थानों में होता है थाना दिवस
ज्ञात हो कि आम जनता की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के उद्देश्य से प्रत्येक बुधवार को सभी थानों में थाना दिवस आयोजित किया जाता है। इसके तहत लोग भूमि विवाद, लेनदेन, धोखाधड़ी सहित अन्य शिकायतें पुलिस के समक्ष रख सकते हैं। थाना दिवस के माध्यम से पुलिस और आम जनता के बीच संवाद स्थापित करने के साथ शिकायतों के निष्पादन की प्रक्रिया को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।कार्यक्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लातेहार, अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी, महिला थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!