झारखण्ड पुलिस के सब-इंस्पेक्टर को केंद्र में काम करने का मौका, गृह मंत्रालय ने जारी किया नोटिफिकेशन…
राँची।झारखण्ड पुलिस के सब-इंस्पेक्टर को केंद्र में काम करने का मौका मिला है। इसको लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय के द्वारा झारखण्ड के डीजीपी को पत्र लिखा गया है।पत्र के मुताबिक भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन आने वाले राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो ने सब-इंस्पेक्टर के पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। यह भर्ती डेपुटेशन के आधार पर की जा रही है,जिसके लिए योग्य पुलिस अधिकारियों से आवेदन मांगे गए हैं।यह पद सीधी भर्ती के लिए नहीं है।इसमें केवल वे ही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जो पहले से ही विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों या केंद्रीय पुलिस संगठनों में कार्यरत हैं।चयनित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालना होगा।इसके लिए विभाग ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवार को उनके वर्तमान विभाग द्वारा तुरंत कार्यमुक्त किया जाना आवश्यक है।

