मेंटेनेंस के दौरान मालगाड़ी की चपेट में आया रेलवे कर्मी, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के सोननगर-गढ़वा रेलखंड पर मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार शाम मेंटेनेंस कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। रेलवे के टीआरडी विभाग में कार्यरत अलखदेव यादव मालगाड़ी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी रेलवे कर्मियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन लिमिट और रिवर्सिबल लाइन पर टीआरडी विभाग की ओर से मेंटेनेंस का काम चल रहा था। इसी दौरान करीब 50 वर्षीय अलखदेव यादव मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसा होते ही मौके पर मौजूद रेलवे कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद रेलवे कर्मियों ने गंभीर रूप से घायल अलखदेव यादव को टावर बैगन से जपला रेलवे स्टेशन पहुंचाया। वहां से उन्हें ऑटो के जरिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया।अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू किया। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान अलखदेव यादव ने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान अलखदेव यादव, पिता फकीरा यादव, निवासी गाजीकर्मा गांव, थाना रफीगंज, जिला औरंगाबाद (बिहार) के रूप में हुई है। वह रेलवे के टीआरडी विभाग में कार्यरत थे।हादसे की जानकारी रेलवे कर्मियों ने मृतक के परिजनों को दे दी है। घटना के बाद रेलवे कर्मियों और परिजनों के बीच शोक का माहौल है।रेलवे की ओर से हादसे की जांच जारी है।

