माइंस में वाहन की चपेट में आया सुपरवाइजर, अस्पताल ले जाने के दौरान मौत…

 

हजारीबाग।जिले के एनएमएल पकरी बरवाडीह, बड़कागांव कोयला परियोजना की त्रिवेणी सैनिक माइंस में मंगलवार को हुए हादसे में एक सुपरवाइजर की मौत हो गई। मिड स्केल सेक्टर-2 में काम के दौरान करीब 35 वर्षीय विभूति साहू एक वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हजारीबाग रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

बताया गया कि विभूति साहू त्रिवेणी सैनिक माइंस के मिड स्केल सेक्टर-2 में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार को वह माइंस क्षेत्र में काम की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान एक सैनिक वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही माइंस परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद कर्मियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हजारीबाग रेफर कर दिया। परिजन और सहकर्मी उन्हें हजारीबाग लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।विभूति साहू मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले थे और परिवार के साथ यहां रह रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, माइंस में काम करने वाले कर्मचारियों के बीच भी शोक का माहौल है।

हादसे के बाद माइंस परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और काम के दौरान वाहनों की आवाजाही को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है।

error: Content is protected !!