भीषण सड़क हादसा:शराब लदी गाड़ी और स्कूटी में जोरदार टक्कर,माँ-बेटे समेत तीन की मौत,कई घायल…
लोहरदगा।झारखण्ड के लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे कुड़ू-राँची मुख्य पथ पर ढुलुवाखुंटा के पास शराब लदा मालवाहक वाहन और स्कूटी के बीच आमने-सामने की टक्कर में मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।घटना सुबह करीब 9 बजे की बतायी जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कुड़ू थाना क्षेत्र के रोन्हैया कोलसिमरी गांव निवासी विषुण भगताईन अपने पुत्र किशोर भगत और भतीजा निरंजन उरांव के साथ स्कूटी (जेएच01बीडी 0695) से मांडर अस्पताल जा रही थीं।उनके पति वहां भर्ती थे, जिन्हें देखने के लिए वे घर से निकली थीं। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार मालवाहक गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर भगत और निरंजन उरांव की मौके पर ही मौत हो गई।वहीं गंभीर रूप से घायल विषुण भगताईन को इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बताया जा रहा है कि राँची से शराब लेकर मालवाहक वाहन (जेएच01एई 4495) पलामू की ओर जा रहा था।टक्कर के बाद वाहन सड़क पर पलट गया, जिससे नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया।सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। वाहन में शराब लदी होने की जानकारी मिलते ही कुछ लोग शराब लूटने के प्रयास में जुट गए। स्थिति को बिगड़ता देख थाना प्रभारी अजीत कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को खदेड़कर स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ संतोष उरांव और थाना प्रभारी अजीत कुमार ने त्वरित कार्रवाई की।आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए सड़क जाम कर दिया था, लेकिन अधिकारियों ने समझा-बुझाकर करीब दो घंटे के भीतर जाम हटवा दिया।इसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।
हादसे में मालवाहक वाहन में सवार तीन लोग भी घायल हुए हैं। घायलों की पहचान विनत मुंडा, विकास मिंज और टिंकू राम के रूप में हुई है, जो राँची के कांके थाना क्षेत्र के गांधी नगर के निवासी हैं।तीनों का इलाज कुड़ू सीएचसी में चल रहा है, जबकि दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए राँची रिम्स रेफर किया गया है।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया है।दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।वहीं प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए आर्थिक सहायता और दो क्विंटल चावल उपलब्ध कराया गया है।यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी की गंभीरता को उजागर करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की मांग की है।

