जेल से मिला हत्या का फरमान… पुलिस ने बिगाड़ा खेल, युवक की रेकी कर रहे दो आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
जमशेदपुर। घाघीडीह जेल की चारदीवारी के पीछे बंद एक कथित अपराधी के इशारे पर बाहर हत्या की तैयारी किए जाने का पुलिस ने खुलासा किया है। जुगसलाई थाना पुलिस ने मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड के निर्देश पर एक व्यक्ति की हत्या की कथित साजिश में शामिल दो आरोपियों मो. अयान अली उर्फ अयान बच्चा और मो. इमरान उर्फ अलटु बच्चा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों निजाम की रेकी कर रहे थे और उस पर हमला करने की तैयारी में थे।
रविवार को मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी ललित मीना ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दो भारी धारदार हथियार और एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया है। बरामद हथियार आजाद खटाल मैदान के पास झाड़ियों में छिपाकर रखे गए थे।
पुलिस के अनुसार जुगसलाई पहलवान डेरा निवासी मो. निजाम ने 19 सितंबर को पुलिस को सूचना दी थी कि घाघीडीह जेल में बंद खुर्शीद उर्फ भाकुड उसकी हत्या कराने की साजिश रच रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खां की टीम ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को कथित तौर पर पता चला कि जेल में बंद खुर्शीद के निर्देश पर अयान बच्चा और अलटु बच्चा निजाम की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। पुलिस का दावा है कि दोनों भारी धारदार हथियार लेकर उसका पीछा कर रहे थे और मौका मिलते ही हमला करने की तैयारी में थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने निजाम पर हमला कर उसकी हत्या करने का प्रयास भी किया, लेकिन वह किसी तरह वहां से बच निकलने में सफल रहा। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया और उनकी निशानदेही पर हथियार बरामद किए।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी खुर्शीद अपने नौ अन्य साथियों के साथ निजाम की हत्या की कथित योजना बनाते समय पिस्तौल और कारतूस के साथ पकड़ा गया था। उस मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
पुलिस ने बताया कि आजाद खटाल मैदान की झाड़ियों से एक देशी कट्टा और दो भारी धारदार हथियार बरामद हुए हैं। हथियार बरामदगी के मामले में जुगसलाई थाना में कांड संख्या 77/26 दर्ज करते हुए आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ जुगसलाई थाना में पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। वहीं, हत्या की कथित साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

