हथियार लेकर बड़ी वारदात की फिराक में थे अपराधी, कुख्यात आकाश वर्मा समेत तीन गिरफ्तार

 

राँची। राजधानी राँची किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने और हथियार की सप्लाई की तैयारी में जुटे तीन अपराधियों को जगरनाथपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा और दो जिंदा गोलियां बरामद की हैं। इसके अलावा एक लाल-काले रंग की 220 पल्सर बाइक भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर की रात करीब 9:50 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन हथियारबंद युवक मोटरसाइकिल से बिरसा चौक स्थित इंडियन ऑयल इंद्रप्रस्थ पेट्रोल पंप के आसपास पहुंचे हैं। सूचना थी कि पेट्रोल पंप के पीछे जंगलनुमा इलाके में हथियार की सप्लाई की तैयारी है और आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम दे सकते हैं।सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर जगरनाथपुर थाना पुलिस ने तत्काल छापेमारी टीम गठित की। पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू की। इसी दौरान लाल-काले रंग की 220 पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को पुलिस ने दबोच लिया।

तलाशी में मिले हथियार और गोलियां
पुलिस ने हिरासत में लिए गए तीनों युवकों की तलाशी ली तो उनके पास से लोहे का बना एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा और जिंदा गोलियां बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार, मौके से एक खाली मैगजीन समेत कुल दो जिंदा गोलियां भी जब्त की गई हैं। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुख्यात अपराधी आकाश कुमार वर्मा उर्फ शिवा वर्मा, निवासी शास्त्री चौक, कोड़े मैदान रोड नंबर-5, सुखदेवनगर; संदीप कुमार प्रसाद उर्फ दाबुस, निवासी गंगानगर, सुखदेवनगर और रोहित कुमार सिंह, निवासी शास्त्री चौक, जतरा मैदान के पास, सुखदेवनगर के रूप में हुई है।

तीनों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। आकाश कुमार वर्मा उर्फ शिवा वर्मा के खिलाफ सुखदेवनगर थाना में हत्या, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। वहीं संदीप कुमार प्रसाद उर्फ दाबुस के खिलाफ भी लूट, हत्या, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।रोहित कुमार सिंह के खिलाफ कोतवाली और सुखदेवनगर थाना में मारपीट, चोरी, अपहरण-हत्या समेत गंभीर धाराओं में पूर्व से मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से आए थे और इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था।

बड़ी वारदात से पहले पुलिस की कार्रवाई
पुलिस की शुरुआती कार्रवाई से यह साफ हुआ है कि तीनों संदिग्ध हथियार लेकर बिरसा चौक के आसपास मौजूद थे। पुलिस अब पूरे मामले की कड़ियां जोड़ रही है। यह भी जांच की जा रही है कि पेट्रोल पंप के पीछे जंगल वाले इलाके में हथियार की डील किसके साथ होनी थी और गिरफ्तार आरोपियों का किसी आपराधिक गिरोह से सीधा संपर्क है या नहीं।इस मामले में जगरनाथपुर थाना में कांड संख्या 281/26, दिनांक 19 सितंबर 2026 दर्ज करते हुए आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हथियारों के स्रोत और संभावित टारगेट के संबंध में जानकारी जुटा रही है।पुलिस की इस कार्रवाई में जगरनाथपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।

जब्त सामान
देशी पिस्टल – 1
खाली मैगजीन – 1
देशी कट्टा – 1
जिंदा गोली – 2
लाल-काले रंग की 220 पल्सर मोटरसाइकिल – 1

error: Content is protected !!