चाकू की नोक पर ट्रक चालक से लूट, फिर पुलिस से भिड़े अपराधी…बाइक से दरोगा को मारी टक्कर, घायल होने के बाद भी दरोगा मुकेश कुमार ने नहीं छोड़ा पीछा, दोनों लुटेरे को दबोचा…

 

राँची। राजधानी राँची में रविवार तड़के लूट की वारदात के बाद अपराधियों और पुलिस के बीच ऐसा पीछा हुआ, मानो सड़क पर कोई फिल्मी एक्शन सीन चल रहा हो। चाकू की नोक पर ट्रक चालकों से लूटपाट करने के बाद भाग रहे दो अपराधियों ने पुलिस से बचने के लिए हद पार कर दी। पीछा कर रहे सब-इंस्पेक्टर मुकेश कुमार को बाइक से जोरदार टक्कर मारकर घायल कर दिया, लेकिन दरोगा ने हिम्मत नहीं हारी। घायल होने के बावजूद अपराधियों का पीछा जारी रहा और आखिरकार दोनों को बाइक समेत दबोच लिया गया।

घटना अरगोड़ा थाना क्षेत्र के हरमू फल मंडी के पास रविवार सुबह करीब 4:30 बजे की है। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग निवासी ट्रक चालक तुफील अहमद खान श्रीनगर से फल लेकर हरमू फल मंडी पहुंचा था। ट्रक खड़ा कर वह आराम कर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उसके पास पहुंचे और चाकू दिखाकर धमकाने लगे।अपराधियों ने तुफील से कहा कि उसके पास जो कुछ है, निकाल दे, वरना जान से मार देंगे। चालक ने जब अपने पास कुछ नहीं होने की बात कही तो दोनों ने उसके साथ मारपीट की और उसका ओपो कंपनी का बैंगनी रंग का स्मार्टफोन लूट लिया। मोबाइल में एयरटेल और जियो के दो सिम लगे थे।

एक के बाद एक दो ट्रक चालकों को बनाया निशाना
मोबाइल लूटने के बाद दोनों अपराधियों ने पास खड़े दूसरे ट्रक चालक अमरीक सिंह को निशाना बनाया। चाकू का भय दिखाकर उससे 600 रुपये नकद लूट लिए। इसके बाद दोनों बाइक से बिजली कार्यालय मुख्य मार्ग की ओर तेजी से भाग निकले।
इधर तुफील ने जाते-जाते अपराधियों की बाइक का नंबर जेएच-01-बीवी-2214 देख लिया था। इसी बीच पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही दोनों अपराधियों ने बाइक की रफ्तार और बढ़ा दी।

पुलिस को चकमा देने के लिए दरोगा को मारी टक्कर
इसके बाद शुरू हुआ पुलिस और अपराधियों के बीच तेज पीछा। पुलिस टीम लगातार दोनों का पीछा कर रही थी।जैसे ही मुकेश कुमार ने वाहन से नीचे उतरकर अपराधियों को रोकना चाहा, खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस से बचने के लिए सब-इंस्पेक्टर मुकेश कुमार को बाइक से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही मुकेश कुमार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। लेकिन अपराधियों को पकड़ने का जुनून ऐसा था कि चोट लगने के बावजूद उन्होंने पीछा नहीं छोड़ा। पुलिस टीम भी लगातार अपराधियों के पीछे लगी रही।

बाइक गिरी तो दोनों पर टूट पड़ी पुलिस टीम
भागते-भागते कुछ दूरी पर अपराधियों की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। दोनों अपराधी भी सड़क पर जा गिरे। इसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें संभलने का मौका नहीं दिया।घायल सब-इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने भी हिम्मत दिखाते हुए दोनों अपराधियों को दबोच लिया।पुलिस टीम ने साथ दिया।इस दौरान अपराधियों ने बच निकलने की पूरी कोशिश की, लेकिन पुलिस पदाधिकारी और जवानों ने दोनों को दबोच लिया। उनकी बाइक भी पुलिस ने जब्त कर ली।

घायल दरोगा के साहस से गिरफ्त में आए दोनों लुटेरे
पूरी कार्रवाई में सब-इंस्पेक्टर मुकेश कुमार के घायल होने के बावजूद अपराधियों का पीछा जारी रखना पुलिस की तत्परता को दिखाता है। अपराधियों ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की, यहां तक कि पुलिस पदाधिकारी को टक्कर भी मारी, लेकिन पुलिस टीम ने पीछे हटने के बजाय उनका पीछा जारी रखा और आखिरकार दोनों को गिरफ्तार कर लिया।अरगोड़ा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों ने इससे पहले लूट की और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

error: Content is protected !!