ब्राउन शुगर के धंधे का खुलासा: नामकुम में महिला समेत दो धराए, 7.88 ग्राम नशीला पदार्थ और करीब एक लाख कैश और महंगी बाइक बरामद
राँची। राजधानी राँची में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार तेतरी टोली में पुलिस ने छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के आरोप में एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 7.88 ग्राम ब्राउन शुगर, 99,680 रुपये नकद और BMW बाइक बरामद की है। मामले में नामकुम थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को करीब एक बजे वरीय पुलिस अधीक्षक राँची को गुप्त सूचना मिली थी कि नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार तेतरी टोली में एक महिला द्वारा अवैध तरीके से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राँची के नियंत्रण और वरीय पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-प्रथम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।टीम ने सूचना के आधार पर जोरार तेतरी टोली स्थित ओलिप मुंडा के घर पर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही वहां एक महिला और एक पुरुष को पकड़ा गया।
पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान मो. अमन अंसारी (24 वर्ष), पिता मो. मुमजात अंसारी, कर्बला टैंक रोड, लोअर बाजार और ओलिप मुंडा (करीब 40 वर्ष), पति मो. नसीम हुसैन, जोरार तेतरी टोली, नामकुम के रूप में हुई है।पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए दोनों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को उनके पास से कुल 7.88 ग्राम ब्राउन शुगर और 99,680 रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा मौके से BMW बाइक संख्या JH01FN-6516 भी जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार, बरामद पदार्थ के संबंध में दोनों ने उसे ब्राउन शुगर बताया और पुलिस के समक्ष इसे बेचने का काम करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर कहां से लाई जा रही थी, इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाता था और इस अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। बरामद नकदी और BMW बाइक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इस मामले में नामकुम थाना कांड संख्या 256/26, दिनांक 19 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(a), 21(b), 22 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
छापेमारी अभियान में वरीय पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-प्रथम, पु.नि. सह थाना प्रभारी नामकुम रामनारायण सिंह, पु.अ.नि. शशि रंजन, पु.अ.नि. श्वेता कुमारी, स.अ.नि. उज्जवल कुमार सिंह, स.अ.नि. तारकेश्वर प्रसाद केशरी समेत नामकुम थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।

