राँची के बीआईटी मेसरा में छात्रा की मौत से सनसनी, कमरे में नहीं मिला सुसाइड नोट, डायरी ने बढ़ाया रहस्य

 

राँची। देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल बीआईटी मेसरा के हॉस्टल में शुक्रवार देर रात एमएससी फिजिक्स की छात्रा अंजली सुमन की मौत से सनसनी फैल गई। हॉस्टल नंबर-9 के कमरे में छात्रा का शव मिलने के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, लेकिन कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। हालांकि, कमरे से एक डायरी मिली है, जिसमें छात्रा ने अपनी पारिवारिक परेशानियों का जिक्र किया है।

जानकारी के अनुसार, झारखण्ड के गोड्डा की रहने वाली अंजली सुमन शुक्रवार शाम कॉलेज से लौटने के बाद अपने कमरे में चली गई थी। काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो हॉस्टल की अन्य छात्राओं को संदेह हुआ। छात्राओं ने इसकी जानकारी कॉलेज प्रबंधन को दी। इसके बाद कमरे की जांच की गई तो अंजली मृत मिली।

घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। बीआईटी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की बारीकी से जांच की। पुलिस के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। तलाशी के दौरान मिली डायरी में अंजली ने अपने पारिवारिक हालात और उनसे जुड़ी परेशानियों का जिक्र किया है। पुलिस अब डायरी में दर्ज बातों को भी जांच का हिस्सा बना रही है।

बीआईटी ओपी प्रभारी  ने बताया कि फिलहाल मामले में यूडी केस दर्ज कर जांच की जा रही है। छात्रा की मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने लाने के लिए पुलिस उसके परिजनों और हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं से भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस हॉस्टल और कमरे से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आज शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद अंजली के परिजन राँची पहुंच गए हैं। छात्रा की अचानक हुई मौत से परिवार और कॉलेज के छात्र-छात्राओं में शोक का माहौल है।फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि अंजली ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

error: Content is protected !!