जलती चिता को पुलिस ने कराया शांत, अधजले शव में छिपा मौत का राज… बेटे की मौत पर पिता गिरफ्तार, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी उलझी
पटना। पालीगंज के चंढोस गांव में एक युवक की मौत के बाद शुरू हुआ अंतिम संस्कार अचानक पुलिस जांच में बदल गया। चिता जल रही थी और शव आधा जल चुका था, तभी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को चिता को शांत कराकर अधजले अवशेष कब्जे में लेने पड़े। इसके बाद मृतक पिंटू यादव (35) की मौत को लेकर ऐसा सवाल खड़ा हुआ, जिसने पूरे मामले को रहस्य में बदल दिया। पुलिस ने मृतक के पिता उदय यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
चिता जल रही थी, तभी पहुंची पुलिस
बताया गया कि पिंटू का शव आनन-फानन में जलाए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही सिगोड़ी थाना पुलिस चंढोस गांव पहुंची। उस वक्त चिता जल रही थी। पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाया और अधजले शव के अवशेष बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। इसी दौरान पुलिस ने मृतक के पिता उदय यादव को हिरासत में ले लिया।
पत्नी की शिकायत ने मौत की कहानी पलट दी
पिंटू दिल्ली में निजी कंपनी में काम करता था और कुछ दिन पहले ही गांव लौटा था। उसकी पत्नी पूनम देवी ने ससुरालवालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्नी के मुताबिक, संपत्ति में हिस्सेदारी को लेकर पिंटू और उसके पिता के बीच विवाद चल रहा था। घटना से पहले पिंटू ने पत्नी को मायके भेज दिया था।
पति से मोबाइल पर संपर्क नहीं होने के बाद पूनम देवी जब ससुराल पहुंचीं तो घर का दरवाजा बंद मिला। पति के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली। इसके बाद वह सिगोड़ी थाने पहुंचीं और पुलिस को पूरी जानकारी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पिता का दावा—फांसी लगाकर की आत्महत्या
पूछताछ में उदय यादव ने पुलिस को बताया कि पिंटू ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। वहीं पत्नी ने हत्या कर शव को ठिकाने लगाने का आरोप लगाया है। दोनों दावों ने पुलिस के सामने मौत की गुत्थी और उलझा दी है।
अधजले अवशेष बताएंगे मौत का सच
अब पुलिस की नजर पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट पर है। आखिर पिंटू की मौत कैसे हुई,क्या उसने सच में आत्महत्या की या उसकी हत्या कर शव को जल्दबाजी में जला दिया गया। फिलहाल इन सवालों का जवाब अधजले अवशेष और जांच रिपोर्ट में तलाशा जा रहा है।संपत्ति विवाद समेत मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। जलती चिता से बरामद अधजले अवशेष ही अब इस रहस्यमयी मौत की आखिरी कहानी खोल सकते हैं।

