बंद घरों की रेकी, फिर चोरी… लातेहार में गुलगुलिया गैंग के 4 सदस्य गिरफ्तार

 

लातेहार। जिले में बढ़ती चोरी और गृहभेदन की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर लातेहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ लातेहार के नेतृत्व में गठित छापेमारी टीम ने 17 सितंबर 2026 को लातेहार रेलवे स्टेशन के पास से चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शीतल कुमारी (18 वर्ष), मार्गो खेरवार (लगभग 18 वर्ष), मनीषा देवी (24 वर्ष) और बंटी कुमार उर्फ बड़े (लगभग 18 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इनकी गिरफ्तारी से चोरी के कुल छह बड़े मामलों का सफल उद्भेदन हुआ है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में चोरी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामान में सोने की दो चेन, तीन मंगलसूत्र, एक मांगटीका, दो जीतिया, दो अंगूठियां, एक लॉकेट, एक दोलना और चार जोड़ी कान के आभूषण शामिल हैं।
इसके अलावा दो लॉकेट, एक चंद्रहार, दो जोड़ी पहुंची, ब्रेसलेट समेत अन्य चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक चांदी के बरामद आभूषणों का कुल वजन करीब 1.5 किलोग्राम है। आरोपियों के पास से 1,07,130 रुपये नकद, सात मोबाइल फोन एवं अन्य सामान भी बरामद हुआ है।

छह थाना कांडों का खुलासा
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की संलिप्तता लातेहार थाना के चार, बरियातू थाना के एक और चंदवा थाना के एक मामले में सामने आई है। इनमें लातेहार थाना कांड संख्या 106/2026, 119/2026, 136/2026 और 142/2026, बरियातू थाना कांड संख्या 55/2026 तथा चंदवा थाना कांड संख्या 163/2026 शामिल हैं।

बंद घरों की रेकी कर देते थे चोरी की वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक यह गिरोह ‘गुलगुलिया’ का रूप धारण कर गांव-गांव घूमता था, बंद घरों की रेकी करता था और मौका मिलते ही ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो जाता था। चोरी के बाद आरोपी सीमावर्ती जिलों अथवा दूसरे राज्यों में फरार हो जाते थे।तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम लगातार इनकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी क्रम में 17 सितंबर को रेलवे स्टेशन के पास कार्रवाई कर चारों को गिरफ्तार किया गया।पुलिस अब बरामद आभूषणों के संबंध में संबंधित पीड़ितों की पहचान और अन्य चोरी की घटनाओं में आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!