बेटे की मौत का बदला लेने के लिए भाई ने भाई की ले ली जान…खेत में कुदाल से बेरहमी से हत्या,आरोपी फरार…

 

राँची।राजधानी राँची के रातू थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। यहां पारिवारिक विवाद और पुरानी दुश्मनी के बीच बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की कुदाल से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।घटना मंगलवार को रातू थाना क्षेत्र के चिपरा इलाके की बतायी जा रही है। मृतक की पहचान विक्रम उरांव के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप उसके बड़े भाई गंदू उरांव पर लगा है।

पुलिस की शुरुआती जांच और ग्रामीणों से पूछताछ में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले विक्रम उरांव ने अपने खेत में करंट लगाकर रखा था। इसी दौरान गंदू उरांव का इकलौता बेटा कथित तौर पर करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई थी।बेटे की मौत के बाद से ही दोनों भाइयों के परिवारों के बीच विवाद बढ़ गया था। बातचीत तक बंद हो गयी थी और दोनों परिवारों के बीच दुश्मनी बनी हुई थी। पुलिस को ग्रामीणों से पूछताछ में जानकारी मिली है कि इसी पुरानी रंजिश में गंदू ने अपने छोटे भाई विक्रम की हत्या की।

घटना के बाद मृतक की पत्नी ने आरोपी बड़े भाई को खेत की तरफ से भागते हुए देखा। उसे शक हुआ तो उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद वह ग्रामीणों के साथ खेत में पहुंची, जहां विक्रम का शव पड़ा मिला। उसके शरीर पर कुदाल से हमला किए जाने के निशान बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस वारदात से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने के साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मृतक की पत्नी ने उसके बड़े भाई को घटनास्थल से भागते हुए देखा था। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही हत्या के पीछे की पूरी परिस्थितियां और घटना का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा।

error: Content is protected !!