राँची में दरोगा के घर दिनदहाड़े डाका…बेटी को बंधक बनाकर 30 लाख कैश और 250 ग्राम सोना ले उड़े अपराधी

 

राँची। राजधानी राँची अपराधियों ने अब पुलिसकर्मी के घर को ही निशाना बनाकर सनसनी फैला दी है। सदर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक सब इंस्पेक्टर के घर में घुसे अपराधियों ने उनकी बेटी को बंधक बना लिया। इसके बाद हाथ-पैर बांधकर घर की अलमारी खंगाली और करीब 30 लाख रुपये नकद, लगभग 250 ग्राम सोने के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना सदर थाना क्षेत्र में बूटी मोड़ के पास वक्सफॉल फैक्ट्री के बगल स्थित इलाके की बताई जा रही है। पीड़ित सब इंस्पेक्टर धनंजय शाही गोड्डा जिले में पदस्थापित हैं और वर्तमान में गोड्डा पुलिस लाइन में ड्यूटी कर रहे हैं। घटना के वक्त वह घर पर मौजूद नहीं थे।

माँ तीज का सामान लेने निकली, बेटी को अपराधियों ने बना लिया बंधक

पीड़ित परिवार की ओर से दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना के समय धनंजय शाही की पत्नी 13 सितंबर को दिन में तीज का सामान खरीदने के लिए घर से बाहर गई थीं। उनका बेटा भी ट्यूशन पढ़ने गया था। घर में उनकी बेटी अकेली थी। इसी दौरान अपराधी घर में घुस गए।आरोप है कि अपराधियों ने बेटी को अपने कब्जे में लेकर उसके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद उसी कमरे में रखी अलमारी को तोड़कर उसमें रखी नकदी और जेवरात निकालने लगे। अपराधियों ने अलमारी में रखे करीब 30 लाख रुपये नकद और लगभग 250 ग्राम सोने के जेवरात समेत अन्य चांदी के आभूषण भी अपने कब्जे में ले लिए।

अलमारी तोड़ी, सामान बैग में भरा और हो गए फरार

वारदात के बाद अलमारी पूरी तरह क्षतिग्रस्त मिली। पीड़ित परिवार के मुताबिक अपराधी नकदी और जेवरात को बैग में भरकर मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान घर में मौजूद बेटी बुरी तरह डर गई। वारदात के बाद वह सदमे में है।सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस संदिग्धों की पहचान करने के साथ ही घटना के पीछे किसी परिचित या मुखबिर की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।खास बात यह है कि जिस घर का मुखिया खुद पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर है, उसी घर में घुसकर अपराधियों ने बेटी को बंधक बनाया और लाखों की संपत्ति लेकर फरार हो गए। ऐसे में यह वारदात सिर्फ एक परिवार के घर में हुई लूट नहीं, बल्कि राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी बड़ी चुनौती मानी जा रही है।

 

महिला ने आवेदन में क्या लिखा
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में लिखा है कि 13 सितंबर 2026 को वह तीज का सामान खरीदने बाजार गई थीं। उस समय उनका बेटा ट्यूशन पढ़ने गया था, जबकि उनकी बेटी घर पर अकेली थी। इसी दौरान उनकी बेटी के कमरे में अपराधी घुस आए।आवेदन के मुताबिक, अपराधियों ने उनकी बेटी को पकड़कर हाथ-पैर बांध दिए और उसके मुंह पर कपड़ा बांध दिया। इसके बाद कमरे में रखी अलमारी को तोड़कर उसमें रखे सामान की तलाशी ली।महिला ने आवेदन में बताया है कि अलमारी में जमीन खरीदने के लिए रखे करीब 30 लाख रुपये नकद थे। उन्होंने लिखा है कि जमीन का कागज खराब होने के कारण रकम घर में रखी हुई थी। इसके अलावा अलमारी में 250 ग्राम सोने के जेवरात और चांदी के जेवर भी रखे थे।आवेदन में महिला ने बताया कि अपराधी नकदी और जेवरात को लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद अलमारी क्षतिग्रस्त हालत में मिली। महिला ने पुलिस से मामले में कार्रवाई करते हुए रुपये और जेवरात बरामद कराने तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

 

 

error: Content is protected !!