म्यूटेशन के लिए मांगे थे 10 हजार घूस, रकम लेते ही पहुंची एसीबी; राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार गिरफ्तार

 

चतरा। जमीन के म्यूटेशन के लिए रिश्वत मांगना सदर अंचल के एक राजस्व कर्मचारी को महंगा पड़ गया। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी सदर अंचल स्थित कर्मचारी भवन से करीब 12:45 बजे की गई।

बताया गया कि लेम पंचायत के हल्का नंबर सात में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद से जमीन के म्यूटेशन को लेकर एक व्यक्ति का काम था। आरोप है कि काम कराने के एवज में कर्मचारी ने उससे 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। इसके बाद संबंधित व्यक्ति ने इसकी शिकायत एसीबी से कर दी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पहले मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद टीम ने कर्मचारी को पकड़ने की योजना तैयार की।

मंगलवार को शिकायतकर्ता तय योजना के अनुसार 10 हजार रुपये लेकर कर्मचारी के पास पहुंचा। जैसे ही कर्मचारी ने रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, पहले से घात लगाए बैठी एसीबी की टीम ने उसे दबोच लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
एसीबी की अचानक हुई कार्रवाई से कर्मचारी भवन में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी राजस्व कर्मचारी को अपने साथ हजारीबाग ले गई। वहां उससे पूछताछ के साथ आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
एसीबी की कार्रवाई के बाद सदर अंचल और राजस्व विभाग से जुड़े कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

 

error: Content is protected !!