रंजिश के बाद शुरू हुआ अश्लील कॉल्स का खेल, वीडियो कॉल पर नग्नता दिखाकर महिला को किया परेशान; तीन पर FIR
राँची। राजधानी राँची के रातू थाना क्षेत्र में एक महिला को लगातार अश्लील फोन और वीडियो कॉल कर मानसिक रूप से परेशान करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अलग-अलग मोबाइल नंबरों से महिला को कॉल किए गए और वीडियो कॉल के दौरान सामने वाले व्यक्ति ने अश्लील हरकत करते हुए अपना नग्न शरीर दिखाया। लगातार हो रही इस तरह की हरकतों से परेशान महिला आखिरकार पुलिस के पास पहुंची।
पीड़िता स्वास्थ्य मंत्री के पूर्व आवास में तैनात सुरक्षा गार्ड की पत्नी बताई जा रही है। उसकी लिखित शिकायत पर रातू थाना पुलिस ने एक नामजद महिला समेत तीन मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए आवेदन के मुताबिक, पीड़िता का ऐलेन (बदला हुआ नाम) नामक महिला से किसी घरेलू विवाद को लेकर नाराजगी चल रही थी। मामला सुलझाने के उद्देश्य से पीड़िता आरोपी महिला के गांव भी गई थी और उसकी सास से मिलकर उसे समझाने की बात कही थी।आरोप है कि इसके तीन-चार दिन बाद ही पीड़िता के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आने शुरू हो गए। कॉल करने वाला व्यक्ति कथित तौर पर बेहद अभद्र और अश्लील बातें करता था। शुरुआत में फोन कॉल तक सीमित रहने वाली कथित प्रताड़ना कुछ ही दिनों बाद वीडियो कॉल तक पहुंच गई।
8 सितंबर को आया वीडियो कॉल, स्क्रीन पर दिखी अश्लीलता
पीड़िता के अनुसार, 7 सितंबर को आरोपी महिला के साथ उसकी फिर से कहासुनी हुई थी। इसके अगले ही दिन 8 सितंबर को उसके मोबाइल पर दूसरे अज्ञात नंबर से वीडियो कॉल आया। आरोप है कि कॉल रिसीव करते ही सामने मौजूद व्यक्ति ने अपना नग्न शरीर दिखाना शुरू कर दिया और अश्लील हरकतें कीं।
अचानक हुई इस घटना से महिला घबरा गई। शिकायत में उसने आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश के कारण नामजद महिला ही अलग-अलग नंबरों के जरिए इस तरह के कॉल करवाकर उसे मानसिक रूप से परेशान और बदनाम करने की कोशिश कर रही है।
पीड़िता ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। रातू थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद महिला सहित तीन मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अब पुलिस कॉल डिटेल, मोबाइल नंबरों के इस्तेमाल और आरोपों से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अश्लील वीडियो कॉल करने वाले व्यक्ति कौन थे और उनका नामजद आरोपी महिला से कोई संबंध था या नहीं।

