धनबाद पुलिस ने भगोड़े गैंगस्टर के भाई को सड़क पर कराया परेड, फहीम खान के लोगों ने पीटा

धनबाद। विदेश भागने की तैयारी में पकड़े गए कुख्यात भगोड़े गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को धनबाद पुलिस ने सोमवार को शहर की सड़कों पर पैदल परेड कराई। कोलकाता से गिरफ्तारी के बाद धनबाद लाए गए बंटी खान से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस उसे निशानदेही के लिए अलग-अलग स्थानों पर लेकर पहुंची थी। इसी दौरान एक जगह स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई और गैंगस्टर फहीम खान के बेटे, दामाद समेत कुछ परिजनों ने बंटी खान के साथ मारपीट कर दी।परिजनों का आरोप था कि प्रिंस खान और बंटी खान सामान्य अपराधी नहीं, बल्कि आतंक फैलाने वाले लोग हैं। इसी दौरान पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर बंटी खान को अपनी सुरक्षा में लिया और स्थिति को नियंत्रित किया।

विदेश भागने की थी तैयारी
पुलिस जांच के मुताबिक बंटी खान कथित तौर पर जाली पासपोर्ट के सहारे देश छोड़कर विदेश भागने की तैयारी में था। पुलिस का दावा है कि उसका मकसद विदेश में छिपे अपने भाई प्रिंस खान तक पहुंचना था। प्रिंस खान लंबे समय से धनबाद पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है और उस पर कारोबारियों को धमकाने, लेवी वसूलने तथा हत्या की धमकी देने समेत कई गंभीर आरोप हैं। वह सोशल मीडिया के जरिए पुलिस और अपने विरोधियों को कई बार खुली चुनौती भी दे चुका है।

धनबाद पुलिस को बंटी खान के देश छोड़ने की तैयारी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई। टीम ने कोलकाता में दबिश देकर बंटी खान को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे धनबाद लाया गया और पूछताछ के आधार पर पुलिस उसकी निशानदेही पर संभावित ठिकानों तक पहुंची।

चार साल जेल में रहने के बाद जनवरी में आया था बाहर
बंटी खान इसी साल जनवरी में जेल से बाहर आया था। वह करीब चार साल तक जेल में रहा। अलग-अलग मामलों में जमानत मिलने के बाद उसकी रिहाई हुई थी। इससे पहले उसे धनबाद जेल से मधुपुर जेल स्थानांतरित किया गया था। जेल से बाहर आने के बाद पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी।बंटी खान के खिलाफ धनबाद में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं। वह चर्चित नन्हें हत्याकांड में भी आरोपी रहा है। 24 नवंबर 2021 को नया बाजार निवासी महताब आलम उर्फ नन्हें की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड की जिम्मेदारी प्रिंस खान ने ली थी। इसके बाद पुलिस ने प्रिंस खान के आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी थी।

प्रिंस के नेटवर्क को लेकर मिल सकते हैं अहम सुराग
पुलिस को उम्मीद है कि बंटी खान से पूछताछ के जरिए प्रिंस खान के नेटवर्क, लेवी वसूली, फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और विदेश में छिपे अपराधियों से संपर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि जाली पासपोर्ट के जरिए विदेश भागने की योजना में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे।फिलहाल पुलिस ने बंटी खान को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है। रिमांड के दौरान विदेश भागने की पूरी साजिश और प्रिंस खान के नेटवर्क से जुड़े कई राज खुलने की उम्मीद है।

error: Content is protected !!