राँची सदर अस्पताल परिसर से बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 चोरी की बाइक बरामद; 7 अपराधी गिरफ्तार
राँची।राँची के सदर अस्पताल और उसके आसपास के इलाकों में पिछले कुछ समय से लगातार हो रही दोपहिया वाहनों की चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर चलाए गए विशेष निगरानी अभियान के तहत पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चोरी की 04 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं और कुल 7 बाइक चोर को गिरफ्तार किया है।
सदर अस्पताल परिसर में संदिग्ध की मौजूदगी पर हुई कार्रवाई
राँची पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सदर अस्पताल के आसपास लगातार हो रही बाइक चोरी को देखते हुए एसएसपी के आदेशानुसार टाइगर मोबाइल, पीसीआर और माईक टीम को विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया था। इसी दौरान 6 सितंबर 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सदर अस्पताल परिसर में एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल चोरी करने की नीयत से मंडरा रहा है।सूचना मिलते ही लोअर बाजार थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त संदिग्ध को सदर अस्पताल परिसर से धर दबोचा।
निशानदेही पर हुई छापेमारी, 4 मोटरसाइकिलें बरामद
पकड़े गए संदिग्ध से जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की और उसका अपराध स्वीकारोक्ति बयान दर्ज किया, तो उसकी निशानदेही पर गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी की कुल 04 मोटरसाइकिलें जब्त कीं।
इस मामले में लोअर बाजार थाना में कांड संख्या- 153/2026 (दिनांक 06.09.2026) के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(4), 317(5) और 3(5) दर्ज की गई है। बाइक चोरी मामले में गिरफ्तार 06 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुराने कांड में वांछित एक अभियुक्त भी चढ़ा हत्थे
छापेमारी के दौरान पुलिस ने लोअर बाजार थाना के एक पुराने चोरी के मामले (कांड संख्या- 139/2021, दिनांक 07.06.2021, धारा 379 भा०द०वि०) के अप्राथमिकी अभियुक्त शाहिद राय को भी गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
इरफान अंसारी (उम्र लगभग 24 वर्ष) – पिता: स्व० कमरूद्दीन अंसारी, वर्तमान पता: मौलाना आजाद कॉलोनी, गली-13, नामकुम, राँची (स्थायी पता: हुसैन नगर, थाना व जिला- गुमला)।
मो० कैश आलम (उम्र लगभग 21 वर्ष) – पिता: इम्तियाज आलम, पता: ग्राम केसा, थाना बेड़ो, जिला- राँची।
मोसिन राय (उम्र लगभग 26 वर्ष) – पिता: बसिर राय, पता: ग्राम केसा, थाना बेड़ो, जिला- राँची।
इमरान आलम उर्फ भालो (उम्र लगभग 25 वर्ष) – पिता: तैयब आलम, पता: ग्राम केसा, थाना बेड़ो, जिला- राँची।
मो० जफरूल्ला (उम्र लगभग 20 वर्ष) – पिता: मो० मोईन राय, पता: ग्राम केसा, थाना बेड़ो, जिला- राँची।
सैफ अंसारी उर्फ राज (उम्र लगभग 22 वर्ष) – पिता: अजबुल अंसारी, पता: रहमत नगर, सिसई, थाना सिसई, जिला- गुमला।
शाहिद राय (उम्र लगभग 40 वर्ष) – पिता: स्व० काशिम राय, पता: केसा नवाटोली, थाना बेड़ो, जिला- राँची (पुराने कांड सं0 139/2021 में वांछित)।
बरामद की गई मोटरसाइकिलें:
मोटरसाइकिल पंजीयन संख्या: JH09AJ-8499
मोटरसाइकिल पंजीयन संख्या: JH01DM284
मोटरसाइकिल पंजीयन संख्या: JH01BP-4092
मोटरसाइकिल पंजीयन संख्या: JH05DL-8507
छापेमारी दल के सदस्य:
इस सफलता को हासिल करने वाले पुलिस दल में लोअर बाजार थाना प्रभारी (पुलिस निरीक्षक) लव कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार रजक, देवानन्द कुमार यादव, दीपक किशोर तिवारी, सुधीर बाडा, रंजित कुमार, सहायक अवर निरीक्षक अजय कुमार सिंह तथा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

