गोवा में मजदूरी करने गयी सीमा की मौत, खेत बंधक रखकर घर लाया शव
–75 हजार रुपये खर्च कर परिजनों ने मंगाया शव, पति के लौटने के बाद होगा अंतिम संस्कार
सिमडेगा। रोजी-रोटी की तलाश में करीब दो साल पहले पति के साथ गोवा गयी जलडेगा प्रखंड के टिनगिना पंचायत स्थित सिलिंगा गांव की सीमा देवी की मौत ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। 38 वर्षीय सीमा देवी की शनिवार को हार्ट अटैक से मौत हो गयी। मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गयी।सीमा देवी, ठेपई गोड़ की पुत्री थी। वह अपने पति जितेंद्र के साथ मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती थी। दोनों पहले पंजाब में मजदूरी करते थे। करीब दो वर्ष पूर्व बेहतर काम की उम्मीद में गोवा चले गये थे। लेकिन शनिवार को अचानक सीमा की मौत की खबर ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
सीमा की मौत के बाद सबसे बड़ी चिंता उसके शव को गोवा से गांव तक लाने की थी। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के सामने इतनी बड़ी रकम जुटाना आसान नहीं था। परिजनों ने खेत बंधक रखकर और कर्ज लेकर किसी तरह 65 हजार रुपये खर्च कर शव को गोवा से राँची तक मंगाया। इसके बाद राँची से सिलिंगा गांव तक शव लाने के लिए एंबुलेंस पर 10 हजार रुपये और खर्च हुए।
इस तरह एक गरीब परिवार को अपनी बेटी का शव घर तक लाने में कुल 75 हजार रुपये खर्च करने पड़े। आर्थिक तंगी के बीच यह रकम परिवार पर भारी बोझ बन गयी है।
सीमा के पति जितेंद्र ट्रेन से गांव के लिए रवाना हो चुके हैं। परिजनों के अनुसार, उनके पहुंचने के बाद सम्भवतः आज सोमवार को सीमा देवी का अंतिम संस्कार किया जायेगा। पत्नी की मौत के बाद जितेंद्र और परिवार के अन्य सदस्यों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।परिजनों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगायी है। उन्होंने प्रखंड प्रशासन, उपायुक्त और श्रम अधीक्षक, सिमडेगा से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि इस कठिन समय में परिवार को कुछ राहत मिल सके।

