नाबालिग भतीजे को बहलाकर खरीदे 17 लाख के गहने, जवान ने सुनार परिवार के खिलाफ दर्ज कराई FIR

राँची।।नाबालिग की नासमझी का फायदा उठाकर घर के कीमती सोने के जेवरात खरीदने के मामले में राँची के चुटिया थाना की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।यह मामला खूंटी जिला बल में तैनात आरक्षी दुर्गेश कुमार शर्मा की शिकायत पर दर्ज किया गया है।दर्ज मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता आरक्षी दुर्गेश कुमार शर्मा, जो वर्तमान में गेतलातु (बीआईटी ओपी क्षेत्र) में संयुक्त परिवार के साथ रहते हैं, उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके 15 वर्षीय नाबालिग भतीजे श्रीराम को बहला-फुसलाकर चुटिया स्थित साक्षी ज्वेलर्स के संचालकों ने करीब 17 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण धोखाधड़ी से ले लिए।

प्राथमिकी में बताया गया है कि मई से जुलाई के दौरान नाबालिग भतीजे ने घर से चार पीस सोने के कंगन, एक अंगूठी, दो सोने की सीकड़ी, एक जोड़ा कान का झुमका और एक दुर्गा मां का लॉकेट बिना परिजनों की जानकारी के उठा लिया और चुटिया स्थित साक्षी ज्वेलर्स को दे दिया।परिजनों को जब घर से जेवरात गायब होने की जानकारी मिली और उन्होंने बच्चे से पूछताछ की, तब उसने पूरे मामले का खुलासा किया।आरोप है कि दुकानदारों ने नाबालिग की उम्र और नासमझी का नाजायज फायदा उठाया और बिना किसी पहचान, सत्यापन या परिजनों की सहमति के संदिग्ध परिस्थितियों में अवैध रूप से सोने के जेवरात खरीद लिए। यह भी सामने आया है कि उक्त सुनार ने नाबालिग के एक अन्य साथी के साथ भी इसी प्रकार का कृत्य किया है।

error: Content is protected !!