झारखण्ड के 9 जिलों में 15 सितंबर को लगेगा पीएम अप्रेंटिसशिप मेला: 5वीं पास से स्नातक, आईटीआई और डिप्लोमा धारकों को मिलेगा मौका
-निबंधित संस्थान चुन सकेंगे अप्रेंटिस: एमएसएमई, होटल, अस्पताल, मॉल व ऑटोमोबाइल सेंटर होंगे शामिल, अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन जरूरी
राँची।झारखण्ड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग (निदेशालय, नियोजन एवं प्रशिक्षण) की ओर से भारत सरकार के एमएसडीई के तत्वावधान में राज्य के 9 जिलों में आगामी 15 सितंबर को ‘पीएम अप्रेंटिसशिप मेला’ का आयोजन किया जा रहा है।विभाग के अनुसार ‘अप्रेंटिस एक्ट 1961’ के तहत नियमित और संविदा (रेगुलर व कांट्रैक्टुअल) मिलाकर 30 या 30 से अधिक कामगारों वाले सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों को कुल वर्कफोर्स का 2.5 प्रतिशत से 15 प्रतिशत तक अप्रेंटिस रखना अनिवार्य किया गया है। इस नियम का अनुपालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ दंड का भी प्रावधान है।
इन 9 जिलों के आईटीआई केंद्रों पर लगेगा मेला
यह मेला राज्य के 9 जिलों के चिन्हित आईटीआई केंद्रों पर आयोजित होगा. इसमें रामगढ़ (एलडब्ल्यूई आईटीआई, कैथा), पलामू (आईटीआई, डाल्टनगंज), चाईबासा (आईटीआई, चाईबासा), जमशेदपुर (आईटीआई, जमशेदपुर), सरायकेला-खरसावां (आईटीआई, सरायकेला-खरसावां), लोहरदगा (आईटीआई, लोहरदगा), गुमला (आईटीआई, गुमला), सिमडेगा (आईटीआई, सिमडेगा) और गढ़वा (आईटीआई, गढ़वा) शामिल हैं। इन सभी केंद्रों पर जिला नियोजन पदाधिकारी व मुख्य प्रशिक्षण पदाधिकारी को समन्वयक बनाया गया है।
5वीं पास से स्नातक और तकनीकी युवाओं को अवसर
इस मेले में राज्य के निबंधित एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर, सर्विस सेक्टर, होटल, रेस्टोरेंट, शॉपिंग मॉल, अस्पताल, कोचिंग सेंटर, बैंक और ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर भाग लेकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं और अप्रेंटिस का चयन कर सकते हैं. वहीं तकनीकी योग्यताधारी (आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, शॉर्ट टर्म स्किल) के साथ-साथ गैर-तकनीकी पृष्ठभूमि के 5वीं से लेकर स्नातक पास युवा भी इसमें शामिल हो सकते हैं.
पोर्टल पर कराना होगा पंजीकरण
मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को अप्रेंटिसशिप पोर्टल (https://www.apprenticeshipindia.gov.in) पर अपना रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा. विभाग ने सभी संबंधित प्रतिष्ठानों और छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस योजना का लाभ उठाएं. विशेष जानकारी के लिए नजदीकी नोडल सरकारी आईटीआई के प्राचार्य या संबंधित जिला नियोजन पदाधिकारी से संपर्क किया जा सकता है.

