आस्था का महासंगम: राजकीय श्रावणी मेला 2026 में इसबार 62 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर किया जलार्पण
देवघर। आस्था के महापर्व राजकीय श्रावणी मेला 2026 का सफल, सुगम और सुरक्षित समापन हो गया है. इस वर्ष बाबा बैद्यनाथ की पावन नगरी देवघर में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। पूरे मेला क्षेत्र में प्रशासन, सेवा संगठनों और स्थानीय नागरिकों के प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष सहयोग से व्यवस्था चाक-चौबंद रही. मेला प्रशासन के अनुसार, इस वर्ष कुल 62 लाख 65 हजार 322 (62,65,322) से अधिक देवतुल्य श्रद्धालुओं ने बाबा मंदिर में विधि-विधान से जलार्पण कर भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया.
प्रशासन ने मेले को ऐतिहासिक रूप से सफल और शांतिपूर्ण बनाने के लिए सभी सहयोगियों, सुरक्षाबलों और सेवाभावी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी का निस्वार्थ योगदान और समर्पण भाव ही इस महाआयोजन की वास्तविक सफलता की नींव है। पूरे सावन माह में ‘बोल बम’ के जयकारों से देवघर नगरी निरंतर गुंजायमान रही।

