जोरदार धमाके के साथ धंसी जमीन, 30 फीट गहरे गोफ में गिरी भैंस; 4 घंटे के रेस्क्यू के बाद निकाला गया बाहर
धनबाद। कतरास थाना क्षेत्र के लकड़का 6 नंबर चानक के समीप सोमवार सुबह अचानक जोरदार आवाज के साथ जमीन धंसने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते करीब 20 से 30 फीट गहरा गोफ बन गया और इसकी चपेट में आकर एक भैंस जमीन के अंदर जा फंसी। घटना इंद्रदेव कुंभकार के घर के ठीक बगल में हुई, जिससे परिवार के लोगों में दहशत फैल गई।
जमीन धंसने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने अपने स्तर से भैंस को गोफ से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन गोफ काफी गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद मामले की जानकारी बीसीसीएल प्रबंधन को दी गई।
सूचना मिलते ही बीसीसीएल के अधिकारी और सीआईएसएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद गोफ में फंसी भैंस को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पोकलेन मशीन की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब चार घंटे तक चले अभियान और काफी मशक्कत के बाद भैंस को गोफ से बाहर निकाल लिया गया।
हालांकि, भैंस के बाहर निकलने के बाद भी परिवार की चिंता कम नहीं हुई है। गोफ उनके घर से सटा हुआ है और जमीन के लगातार धंसने की आशंका से परिवार के लोग भयभीत हैं। परिजनों का कहना है कि उनका घर रैयती जमीन पर बना हुआ है, लेकिन घर के ठीक बगल में अचानक 20 से 30 फीट गहरा गोफ बन जाने से अब उन्हें अपने घर में रहना सुरक्षित नहीं लग रहा है।
परिवार का कहना है कि अगर जमीन का धंसाव आगे भी जारी रहा तो उनका मकान भी इसकी चपेट में आ सकता है। परिजनों ने बीसीसीएल प्रबंधन से मांग की है कि उन्हें सुरक्षित स्थान पर पुनर्वासित किया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
घटना के बाद आसपास के लोगों में भी जमीन धंसने को लेकर भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में भूमिगत खनन के कारण पहले भी जमीन धंसने की घटनाएं सामने आती रही हैं। अब लोगों की नजर बीसीसीएल प्रबंधन की ओर है कि प्रभावित परिवार की सुरक्षा को लेकर क्या कदम उठाया जाता है।

