कोडरमा घाटी में मछली लदा ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में गिरा, ड्राइवर-खलासी ने कूदकर बचाई जान
कोडरमा। कोडरमा घाटी में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सदर थाना क्षेत्र में बंदरचुआं के समीप मछली लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गहरी खाई में पलट गया। हादसे के दौरान ट्रक चालक शंकर कुमार और खलासी रमेश कुमार ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से छलांग लगा दी, जिससे दोनों की जान बच गई। हालांकि, दोनों को हल्की चोटें आई हैं।
बताया गया कि ट्रक आंध्रप्रदेश से मछली लेकर बिहार के खगड़िया जा रहा था। सोमवार सुबह ट्रक कोडरमा घाटी के ढलाननुमा सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया। चालक ने ट्रक को नियंत्रित करने और ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन ब्रेक ने काम नहीं किया। देखते ही देखते ट्रक सड़क किनारे की खाई में जा पलटा।
हादसे के वक्त ट्रक में चालक और खलासी मौजूद थे। ट्रक के खाई में गिरने से पहले दोनों ने मौका देखकर वाहन से छलांग लगा दी। इस वजह से उनकी जान बच गई। छलांग लगाने के दौरान दोनों को चोटें आईं, लेकिन उनकी हालत सामान्य बताई गई है।
हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को खाई से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।
हादसे में राहत की बात यह रही कि ट्रक में लदी मछलियां ट्रक के अंदर ही सुरक्षित रहीं। मछलियां सड़क या आसपास के जंगल में नहीं बिखरीं। पुलिस ने मौके का जायजा लेकर घटना की जानकारी जुटाई। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

