राँची के ब्लू पॉन्ड में युवक के डूबने से मचा हड़कंप, NDRF ने संभाला मोर्चा; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

राँची। राजधानी राँची के तुपुदाना थाना क्षेत्र अंतर्गत बाल सिरिंग स्थित चर्चित ब्लू पॉन्ड में शनिवार को एक युवक के डूबने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। डूबे युवक की पहचान शाहिल कच्छप के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही तुपुदाना थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कराई गई।
बताया गया कि युवक ब्लू पॉन्ड में डूबने की सूचना पर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर NDRF की टीम को बुलाया गया है, जो पानी के अंदर युवक की तलाश में जुटी है। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
तुपुदाना थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस को युवक के ब्लू पॉन्ड में डूबने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस युवक के डूबने के कारणों की भी जांच कर रही है। फिलहाल युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे, सुरक्षा इंतजाम पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाल सिरिंग स्थित ब्लू पॉन्ड में पहले भी डूबने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद तालाब के आसपास सुरक्षा को लेकर पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों के मुताबिक, हादसा होने के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग सक्रिय होते हैं, लेकिन कुछ समय बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर वही स्थिति बन जाती है।स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ब्लू पॉन्ड के आसपास सुरक्षा घेरा, चेतावनी बोर्ड और अन्य जरूरी इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।फिलहाल शाहिल कच्छप की तलाश के लिए NDRF की टीम के रेस्क्यू अभियान पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

