हजारीबाग पुलिस का बड़ा एक्शन: राहुल दुबे गैंग के दो गुर्गों का किया हॉफ एनकाउंटर, तीसरा जंगल में फरार

हजारीबाग। झारखण्ड में अपराधियों के खिलाफ चलाये जा रहे ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के बीच हजारीबाग पुलिस को शनिवार की अहले सुबह बड़ी सफलता मिली। गिद्दी थाना क्षेत्र में पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के कथित अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गयी। दोनों ओर से हुई फायरिंग में गिरोह के दो संदिग्ध अपराधियों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरा अपराधी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
घायल अपराधियों की पहचान बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में हुई है। दोनों को पहले स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेजा गया। पुलिस के अनुसार दोनों की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बतायी जा रही है।
गुप्त सूचना पर बिछाया गया था जाल
पुलिस के मुताबिक, हजारीबाग एसपी अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि भुरकुंडा की ओर से राहुल दुबे गिरोह से जुड़े कुछ अपराधी मोटरसाइकिल से गिद्दी थाना क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं। आशंका थी कि अपराधी कोलियारी और ट्रांसपोर्ट रोड के आसपास किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं।सूचना को गंभीरता से लेते हुए गिद्दी थाना प्रभारी मो. इकबाल हुसैन और उरीमारी थाना प्रभारी रथू उरांव के नेतृत्व में पुलिस टीम और सशस्त्र जवानों को सक्रिय किया गया। पुलिस ने संदिग्ध रास्तों पर निगरानी बढ़ाते हुए पुराना कांटा घर रोड के समीप वाहन जांच शुरू की।
बाइक से पहुंचे तीन संदिग्ध, पुलिस को देखते ही भागने लगे
पुलिस के अनुसार, शनिवार तड़के करीब 3:50 बजे भुरकुंडा की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिये। पुलिस जवानों ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखते ही बाइक सवारों ने रास्ता बदलकर भागने की कोशिश की।भागने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गयी। इसके बाद तीनों संदिग्ध पास के जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोप है कि अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में दो को लगी गोली
पुलिस का कहना है कि अपराधियों की ओर से फायरिंग किये जाने के बाद जवानों ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से कई राउंड गोली चलने के बाद दो अपराधियों के पैर में गोली लगी और वे मौके पर गिर पड़े।गोली लगने के बाद पुलिस ने दोनों को अपने कब्जे में लिया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहीं, तीसरा अपराधी अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
हथियार, कारतूस और धमकी वाला पर्चा बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को दो अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, खोखा और कथित तौर पर धमकी से जुड़ा पर्चा बरामद हुआ है। बरामद सामान को पुलिस ने जांच के लिए कब्जे में ले लिया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल पूर्व की आपराधिक घटनाओं में हुआ है या नहीं। इसके लिए हथियारों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की तकनीकी जांच भी करायी जा सकती है।
जंगल में फरार साथी की तलाश तेज
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए आसपास के जंगलों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। संभावित ठिकानों और जंगल से निकलने वाले रास्तों पर भी निगरानी बढ़ायी गयी है।पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि तीनों अपराधी किस वारदात को अंजाम देने के इरादे से इलाके में पहुंचे थे और उन्हें किसने भेजा था। उनके मोबाइल संपर्क, आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
‘ऑपरेशन लंगड़ा’ से अपराधियों में खलबली
झारखण्ड में इन दिनों सक्रिय अपराधियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज हुई है। इसी कड़ी में ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत पुलिस द्वारा ऐसे अपराधियों को निशाना बनाया जा रहा है, जिन पर गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।
गिद्दी की यह मुठभेड़ इसी अभियान के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई के रूप में देखी जा रही है। खासकर कोयलांचल क्षेत्र में रंगदारी, धमकी, फायरिंग और आपराधिक गिरोहों की सक्रियता को देखते हुए पुलिस की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राहुल दुबे गैंग के नेटवर्क पर पुलिस की नजर
दो संदिग्ध अपराधियों के पकड़े जाने के बाद अब पुलिस की जांच केवल मुठभेड़ तक सीमित नहीं रहने वाली है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि राहुल दुबे गिरोह का नेटवर्क हजारीबाग, रामगढ़ और आसपास के कोयलांचल क्षेत्रों में किस तरह सक्रिय है।फिलहाल दोनों घायल आरोपियों का इलाज चल रहा है, जबकि फरार तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें जंगल और आसपास के संभावित ठिकानों पर अभियान चला रही हैं। मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गयी है।
हजारीबाग पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ संकेत दिया है कि कोयलांचल क्षेत्र में आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों के खिलाफ अभियान और तेज किया जा रहा है। अब पुलिस की अगली चुनौती फरार अपराधी को दबोचने और राहुल दुबे गिरोह के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की है।

