ट्रैफिक जाम की शिकायतों पर निगम का कड़ा एक्शन: बहु बाजार की बंदोबस्ती समाप्त, इस साल नहीं निकलेगी निविदा..

अवैध वसूली पर रोक: सब्जी विक्रेताओं से महसूल मांगने वालों पर दर्ज होगी एफआईआर, निगम ने जारी की आम-सूचना
राँची।राँची नगर निगम क्षेत्र के बहु बाजार में लगने वाले जाम और ट्रैफिक कंजेशन से निजात दिलाने के लिए निगम प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है।बहु बाजार की बंदोबस्ती 31 जुलाई 2026 को समाप्त हो चुकी है और रोड फ्लैंक पर बाजार लगने के कारण उत्पन्न हो रहे ट्रैफिक जाम व यातायात बाधित होने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बाजार की निविदा आमंत्रित नहीं करने का निर्देश प्राप्त हुआ है। इस संबंध में उप नगर आयुक्त की ओर से गुरुवार को आम-सूचना जारी की गई है।
सूचना के मुताबिक, बंदोबस्ती समाप्त होने के बाद अब बहु बाजार में किसी भी तरह की वसूली पूरी तरह अवैध मानी जाएगी।निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति सब्जी विक्रेताओं से किसी भी प्रकार की अवैध वसूली करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सीधे प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही राँची नगर निगम ने बहु बाजार के सभी सब्जी विक्रेताओं से विशेष अपील की है कि वे महसूल के नाम पर किसी भी व्यक्ति को कोई राशि न दें। नगर निगम के बाजार शाखा द्वारा जारी इस आदेश के बाद अब सड़क किनारे बाजार लगने से लगने वाले जाम पर लगाम लगने की उम्मीद है।

