अखाड़े से अपराध तक: नेशनल मेडलिस्ट पहलवान अमित श्योराण गिरफ्तार, झारखण्ड से दिल्ली तक फैले अफीम नेटवर्क का खुलासा

राँची/दिल्ली। कभी अखाड़े में दांव-पेच दिखाकर राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाला पहलवान अब नशे के कारोबार के आरोप में पुलिस की गिरफ्त में है। पूर्व नेशनल पहलवान अमित श्योराण को दिल्ली क्राइम ब्रांच और झारखण्ड पुलिस की संयुक्त टीम ने दिल्ली के मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक अमित लंबे समय से फरार था और राँची के धुर्वा (तुपुदाना) थाने में दर्ज NDPS एक्ट के मामले में वांटेड था।
अमित मूल रूप से हरियाणा के रोहतक का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसने वर्ष 2013 की राष्ट्रीय कैडेट कुश्ती प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता था। खेल की दुनिया में पहचान बनाने के बाद वह बड़े क्लबों में बाउंसर के तौर पर भी काम करने लगा। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान उसके संपर्क कथित तौर पर नशे के कारोबार से जुड़े लोगों से हुए और बाद में वह अफीम तस्करी के नेटवर्क का हिस्सा बन गया।

492 ग्राम अफीम के साथ पकड़े गए तस्कर से मिला सुराग
पुलिस की जांच में अमित का नाम पहली बार अप्रैल 2023 में सामने आया। उस दौरान झारखण्ड पुलिस ने राजेश नाग नामक कथित तस्कर को करीब 492 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में अमित श्योराण का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की।पुलिस के अनुसार, अमित पर आरोप है कि वह झारखण्ड से अफीम लेकर दिल्ली और हरियाणा तक पहुंचाता था। जांच में उसके कुश्ती और अखाड़ों से जुड़े लोगों के संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है।

FIR के बाद फरार, अदालत ने घोषित किया अपराधी
मामले में नाम सामने आने के बाद अमित गिरफ्तारी से पहले ही फरार हो गया। उसके खिलाफ राँची के धुर्वा (तुपुदाना) थाने में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक, लगातार फरार रहने के बाद दिसंबर 2023 में अदालत ने उसे घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।इसके बाद झारखण्ड पुलिस उसकी तलाश में जुटी रही। इसी बीच दिल्ली क्राइम ब्रांच को उसके दिल्ली में छिपे होने की सूचना मिली। NR-II टीम ने कथित तौर पर मानव खुफिया तंत्र और तकनीकी सर्विलांस की मदद से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी।

मधुबन चौक के पास बिछाया गया गिरफ्तारी का जाल
सूचना पुख्ता होने के बाद दिल्ली क्राइम ब्रांच और राँची पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। आखिरकार अमित को मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन के पास से दबोच लिया गया।दिल्ली पुलिस की ओर से भी गिरफ्तारी की जानकारी साझा की गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से फरार घोषित अपराधी था और राँची के धुर्वा (तुपुदाना) थाना क्षेत्र में दर्ज NDPS मामले में वांटेड था।गिरफ्तारी के सम्बंध में तुपुदाना थाना प्रभारी ने पुष्टि की है।

हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले भी दर्ज
अमित श्योराण का आपराधिक रिकॉर्ड भी पुलिस की जांच के दायरे में है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट समेत कुल छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब जांच एजेंसियां उसके पुराने मामलों के साथ-साथ कथित ड्रग नेटवर्क में उसकी भूमिका और उसके संपर्कों की भी पड़ताल कर रही हैं।

अब रिमांड पर लेकर राँची लाएगी पुलिस
अमित की गिरफ्तारी के बाद राँची पुलिस उससे पूछताछ की तैयारी में है। अधिकारियों के अनुसार, उसे रिमांड पर लेकर राँची लाया जा सकता है। पूछताछ में झारखण्ड से दिल्ली और हरियाणा तक फैले कथित अफीम नेटवर्क, सप्लायरों और खरीदारों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।

कभी मेडल के लिए लड़ता था, अब मुकदमों से घिरा
अमित श्योराण की कहानी का सबसे चौंकाने वाला पहलू उसका अतीत है। जिस अखाड़े ने उसे राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाई, उसी कुश्ती जगत से जुड़े संपर्कों की अब पुलिस कथित नशे के नेटवर्क के संदर्भ में जांच कर रही है।2013 में राष्ट्रीय कैडेट कुश्ती में कांस्य पदक जीतने वाला खिलाड़ी आज छह आपराधिक मामलों और NDPS एक्ट के आरोपों के बीच पुलिस की गिरफ्त में है। हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने और अदालत में आरोप साबित होने तक उसके खिलाफ लगे आरोपों को आरोप के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।

 

error: Content is protected !!