राँची में दरिंदगी: नामकुम के किराए के मकान में नाबालिग से दुष्कर्म, अत्यधिक ब्लीडिंग के बाद रिम्स में भर्ती, पुराना दुष्कर्मी गिरफ्तार

राँची। राजधानी राँची के नामकुम इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुंडू की रहने वाली एक 15 वर्षीय नाबालिग के साथ उसके ही घर में घुसकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद पीड़िता की हालत इतनी बिगड़ गई कि उसे लहूलुहान अवस्था में गंभीर स्थिति में रिम्स भर्ती कराना पड़ा। हालांकि, नामकुम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपनी मां के साथ नामकुम के बरगावां इलाके स्थित एक किराए के मकान में रहती है। आरोपी 35 वर्षीय गुरुदयाल मुंडा (पिता- घासी राम मुंडा), जो बुंडू के करांबो का निवासी है, का पीड़िता के घर अक्सर आना-जाना था। जान-पहचान और नजदीकी के कारण वह कई बार रात में भी वहीं रुक जाता था। 16 अगस्त की रात भी गुरुदयाल इसी मकान में ठहरा हुआ था। देर रात करीब 12 बजे, जब नाबालिग की मां घर के दूसरे हिस्से में सो रही थी, तब आरोपी ने मौका पाकर मासूम को अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया।
अत्यधिक रक्तस्राव से बिगड़ी हालत, निजी अस्पताल ने किया रिफ्यूज
दरिंदगी के दौरान नाबालिग को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा, जिससे उसकी स्थिति बेहद नाजुक हो गई। पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पूरी आपबीती अपनी मां को बताई। घबराई मां देर रात ही उसे लेकर पास के एक निजी अस्पताल पहुंची। हालांकि, मामले की गंभीरता और कानूनी पचड़े को देखते हुए निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने इलाज से हाथ खड़े कर दिए और मामला पुलिस केस बताकर पीड़िता को तत्काल रिम्स (RIMS) रेफर कर दिया।
रिम्स में दर्ज हुआ बयान, पोक्सो एक्ट में एफआईआर
रिम्स में भर्ती कराए जाने के बाद बरियातू थाना पुलिस को इसकी सूचना मिली। बरियातू पुलिस के माध्यम से नामकुम थाना पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने रिम्स पहुंचकर पीड़िता का बयान दर्ज किया।मामले की पुष्टि करते हुए नामकुम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामनारायण सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त पोक्सो एक्ट (POCSO Act) और दुष्कर्म की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुराना आदतन अपराधी है आरोपी, पहले भी जा चुका है जेल
थाना प्रभारी ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी गुरुदयाल मुंडा कोई नौसिखिया अपराधी नहीं है। वह पूर्व में भी दुष्कर्म के ही एक अन्य मामले में जेल की हवा खा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद उसने दोबारा इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास और पुराने मामलों की गहन जांच कर रही है ताकि अदालत में सख्त पैरवी कर उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।

