बोकारो में दर्दनाक सड़क हादसा: एक बाइक पर सवार चार युवकों की मौत,गांव में मचा कोहराम..जांच में जुटी है पुलिस…

बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले के पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। बिरनी मोड़ और सिंघाबनी के आसपास हुए इस भीषण हादसे में एक ही मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में तीन नाबालिग बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चारों युवक एक ही बाइक से बंगाल की ओर घूमने और खाने-पीने के लिए गए थे। देर रात घर लौटने के दौरान उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार चारों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हादसे में चारों के सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पिंड्राजोड़ा थाना पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

सूचना मिलते ही पिंड्राजोड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने सड़क पर पड़े चारों युवकों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल, बोकारो पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शवों को बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जा रहे हैं।

मृतकों की हुई पहचान, तीन की उम्र 18 साल से कम
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में—
17 वर्षीय बुलेट प्रमाणिक, पिता—हरि प्रमाणिक
15 वर्षीय आनंद महतो, पिता—परमेश्वर महतो
17 वर्षीय डाक्टर महतो, पिता—शक्ति पद महतो
18 वर्षीय धना महतो, पिता—बुद्धेश्वर महतो

बताया जा रहा है कि चारों युवक पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र के अमाडीह गांव के रहने वाले थे। मृतकों में तीन नाबालिग होने की जानकारी सामने आने के बाद घटना की गंभीरता और बढ़ गई है।


मनसा पूजा के लिए घर आया था धना
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक धना महतो बाहर रहकर नौकरी करता था। मनसा पूजा को लेकर वह शुक्रवार को ही अपने घर आया था। इसके बाद वह गांव के तीन अन्य युवकों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर बंगाल की ओर गया था।

चारों युवक देर रात वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सिंघाबनी के पास उनकी बाइक की अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद सड़क पर चारों युवक गंभीर हालत में पड़े मिले।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हादसे की जांच में जुटी पुलिस अब उस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है, जिसने बाइक को टक्कर मारी थी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे में कौन सा वाहन शामिल था और टक्कर किस परिस्थिति में हुई। घटनास्थल से मिलने वाले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पिंड्राजोड़ा थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन का पता लगाने का प्रयास जारी है।
चार युवकों की एक साथ मौत की खबर जैसे ही अमाडीह गांव पहुंची, पूरे गांव में कोहराम मच गया। एक ही घटना में चार युवाओं की मौत से ग्रामीण सदमे में हैं। मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।सबसे दर्दनाक बात यह है कि मृतकों में तीन नाबालिग थे। जिन उम्र में बच्चों का भविष्य संवारने और पढ़ाई-लिखाई के सपने देखे जाते हैं, उस उम्र में उनकी सड़क हादसे में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम समेत अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान होने के बाद हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी और दोषी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

