गोड्डा ज्वेलर्स लूटकांड में बड़ा खुलासा: सात गिरफ्तार, लाखों के जेवर बरामद,अंतरजिला लूट गिरोह का पर्दाफाश

गोड्डा।झारखण्ड के गोड्डा नगर थाना क्षेत्र स्थित बंगाल ज्वेलर्स में 8 जुलाई को हुई जेवर लूट के मामले में गोड्डा पुलिस की एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई में लूट और चोरी से जुड़े सोने-चांदी के कुल कई किलोग्राम आभूषण बरामद किए गए हैं। पूछताछ में पुलिस को इस गिरोह के तार गोड्डा के अलावा जामताड़ा, दुमका, बिहार के बौंसी समेत अन्य इलाकों में हुई जेवर दुकानों की लूट और चोरी की घटनाओं से जुड़े होने की जानकारी मिली है।


पुलिस के अनुसार, बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड की जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने पहले मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। मामले की आगे की जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक, गोड्डा को गुप्त सूचना मिली कि कांड में शामिल कुछ अन्य अपराधी दुमका जिले के बासुकीनाथ क्षेत्र में छिपे हुए हैं।
सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गोड्डा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने 13 अगस्त 2026 को बासुकीनाथ में छापेमारी की और एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।पूछताछ में संदिग्ध ने अपना नाम चंद्रशेखर कुमार साह उर्फ पुरन साह बताया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान उसने गोड्डा के बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड की साजिश में शामिल होने के साथ-साथ जामताड़ा नगर थाना, बौंसी (बिहार), नौनीहाट और तालझारी (दुमका) में जेवर दुकानों से जुड़ी लूट की घटनाओं की साजिश में भी शामिल होने की बात बताई।
लूट के जेवर खपाने का सामने आया नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक, पुरन साह ने पूछताछ में बताया कि विभिन्न स्थानों से लूटे या चोरी किए गए जेवर को गोड्डा की अलग-अलग जेवर दुकानों में कम कीमत पर बेचा गया। वहीं बंगाल ज्वेलर्स से लूटे गए जेवर को कारू साह, निवासी बौंसी, के माध्यम से बौंसी स्थित श्रवण ज्वेलर्स में बेचने की बात सामने आई।
पुरन साह की निशानदेही पर पुलिस ने गोड्डा और बौंसी में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर लूट एवं चोरी से जुड़े सोने-चांदी के जेवर बरामद किए। बरामदगी के बाद पुलिस ने कथित तौर पर लूट और डकैती के जेवर को अवैध रूप से खरीदने-बेचने के आरोप में संबंधित लोगों को गिरफ्तार किया।
इस मामले में गोड्डा नगर थाना कांड संख्या 148/2026, दिनांक 14 अगस्त 2026 दर्ज कर सुसंगत धाराओं के तहत आगे की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी पता लगाया जा रहा है।
बरामदगी ने खोले कई राज
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार कार्रवाई में निम्न सामान बरामद किया गया—
श्रवण ज्वेलर्स, बौंसी से 28 ग्राम गलाया हुआ सोना, जिसे बंगाल ज्वेलर्स से लूटा हुआ बताया गया है।
श्रवण ज्वेलर्स, बौंसी से 3.05 किलोग्राम गलाया हुआ चांदी, जिसे नौनीहाट एवं बौंसी की लूट/चोरी से जुड़ा बताया गया है।
अमन सर्राफ के पास से 114 ग्राम गलाया हुआ चांदी, जिसे बौंसी से चोरी का बताया गया है।
उत्तम कुमार के पास से 10 ग्राम कटा-छंटा सोना, जिसे जामताड़ा लूटकांड से संबंधित बताया गया है।
धननंजय गायकवाड़ उर्फ राजू के पास से 1.5 किलोग्राम चांदी, जिसे तालझारी लूटकांड से जुड़ा बताया गया है।
पवन कुमार के पास से 355 ग्राम चांदी, जिसे बौंसी चोरीकांड से संबंधित बताया गया है।
सात आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में—
चंद्रशेखर कुमार साह उर्फ पुरन साह, निवासी ककनी नावाडीह बाभन टोला, थाना सरैयाहाट, जिला दुमका।
कारू साह, निवासी भीखनपुर, थाना बौंसी, जिला बांका, बिहार।
शिवशंकर कुमार, निवासी डलिया, थाना बौंसी, जिला बांका, बिहार।
धननंजय गायकवाड़ उर्फ राजू, निवासी हथिर, थाना संघोला, जिला शोलापुर, महाराष्ट्र; वर्तमान पता सिद्धी विनायक ज्वेलर्स, गोड्डा।
पवन कुमार, निवासी गुलजार बाग, नगर थाना गोड्डा।
उत्तम कुमार साह, निवासी एवं थाना देवदांड़, जिला गोड्डा।
अमन कुमार सर्राफ, निवासी रतौरा, थाना गोड्डा नगर, जिला गोड्डा।
अंतरजिला नेटवर्क की जांच तेज
पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण बात यह सामने आई है कि पुलिस अब इसे केवल गोड्डा के बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड तक सीमित नहीं मान रही है। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर पड़ोसी जिलों और बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में हुई जेवर लूट एवं चोरी की घटनाओं के बीच संभावित कनेक्शन की जांच की जा रही है।पुलिस पड़ोसी जिलों और राज्यों में दर्ज जेवर लूट से संबंधित मामलों की जानकारी जुटा रही है। इससे आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है।
जेवर कारोबारियों को पुलिस की कड़ी चेतावनी
गोड्डा पुलिस ने जिले के सभी जेवर प्रतिष्ठानों के संचालकों को सख्त चेतावनी दी है कि लूट, डकैती, चोरी अथवा अवैध तरीके से प्राप्त आभूषणों को खरीदना, बेचना, छिपाकर रखना या उसका निस्तारण करना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संदिग्ध स्रोत से आने वाले आभूषणों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गोड्डा पुलिस ने कहा है कि वह चोरी और लूट की घटनाओं के खिलाफ Zero Tolerance Policy के तहत कार्रवाई कर रही है। बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड में हुई ताजा कार्रवाई को इसी अभियान की एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।अब पुलिस की नजर इस पूरे नेटवर्क के बाकी कड़ियों पर है—लूट की साजिश से लेकर जेवर खपाने वालों तक।

