साहिबगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: आंध्र प्रदेश से चुराए 2 करोड़ के मोबाइल बरामद, 3 कुख्यात दबोचे गए…

साहिबगंज। अंतरराज्यीय चोर गिरोह के खिलाफ साहिबगंज पुलिस को एक बड़ी और ऐतिहासिक सफलता हाथ लगी है। साहिबगंज पुलिस और आंध्र प्रदेश की तिरुपति पुलिस ने एक संयुक्त छापेमारी अभियान चलाकर करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य के चोरी किए गए 200 बहुमूल्य स्मार्टफोन बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
आंध्र प्रदेश के तिरुपति में हुई थी बड़ी चोरी
यह पूरा मामला आंध्र प्रदेश के तिरुपति स्थित सोनाविजन प्राइवेट लिमिटेड दुकान का है, जहाँ 7 और 8 अगस्त 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर 200 मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चुरा लिए थे। इस संबंध में तिरुपति के सी०सी०एस० थाना (कांड संख्या 22/2026) में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच करते हुए तिरुपति पुलिस की टीम 14 अगस्त 2026 को साहिबगंज के राधानगर थाना पहुंची।
त्वरित कार्रवाई और संयुक्त छापेमारी
आंध्र प्रदेश पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर साहिबगंज के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने तुरंत संज्ञान लिया और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) राजमहल को आवश्यक सहयोग के लिए निर्देशित किया। राजमहल SDPO के कुशल नेतृत्व में राधानगर थाना पुलिस और तिरुपति पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरक्का थाना क्षेत्र में छापेमारी की और घटना में शामिल राधानगर थाना क्षेत्र के निवासी तीनों अभियुक्तों को चोरी के सामान के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
बरामद किए गए सामान
पुलिस द्वारा की गई इस ऐतिहासिक बरामदगी में कुल 200 प्रीमियम और महंगे स्मार्टफोन शामिल हैं।जिसमें 42 आईफोन,अन्य ब्रांड्स के ओप्पो, वीवो,रियलमी और सैमसंग के उच्च श्रेणी के मोबाइल है।बरामद मोबाईल की कुल अनुमानित मूल्य लगभग ₹2,00,00,000 (दो करोड़ रुपये) बताया जा रहा है।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्त
गिरफ्तार तीनों आरोपी साहिबगंज जिले के राधानगर थाना क्षेत्र के निवासी हैं:
आलम शेख (उम्र 49 वर्ष), पिता – स्व० मंटू शेख, निवासी – उत्तर पियारपुर
मो० बसीरुद्दीन शेख (उम्र 56 वर्ष), पिता – अजेद अली, निवासी – पियारपुर
टोनीक शेख (उम्र 33 वर्ष), पिता – नसीरुद्दीन शेख, निवासी – खट्टी टोला उत्तर पलाशगाछी
आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्तों में से आलम शेख और टोनीक शेख का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है:
आलम शेख: आलम शेख पर पूर्व में भी विभिन्न राज्यों और जिलों में आर्म्स एक्ट, चोरी और डकैती की धाराओं में कुल 8 गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें मऊ कोतवाली (उत्तर प्रदेश), लिट्टीपाड़ा (झारखंड), गाजीपुर, हिरणपुर, सैदपुर और महाराष्ट्र के नरमोली थाने में दर्ज मामले शामिल हैं।
टोनीक शेख: टोनीक शेख पर दौलताबाद थाना (2024) और हरिहरपाड़ा थाना (2024) में डकैती और आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर मामले दर्ज हैं।
साहिबगंज पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई की हर तरफ सराहना हो रही है। पुलिस ने न्यायिक प्रक्रिया पूरी करते हुए अग्रतर कार्रवाई शुरू कर दी है और बरामद सामान तिरुपति पुलिस को सौंप दिया गया है।

