गिरिडीह में सनसनी: सामाजिक कार्यकर्ता मिथिलेश यादव की नृशंस हत्या, धारदार हथियार से रेता गला;आक्रोशित ग्रामीणों ने किया NH जाम

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह-सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब हेसला स्थित कपसा मोड़ के पास जीटी रोड के सर्विस रोड पर एक युवक का लहूलुहान शव बरामद हुआ। शव की शिनाख्त हेसला निवासी और सामाजिक कार्यकर्ता मिथिलेश यादव के रूप में हुई है। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है।
घटना को लेकर शुरुआती अटकलों में गोली मारकर हत्या करने की बात कही जा रही थी, लेकिन पुलिस ने गोली लगने की पुष्टि नहीं की है। बगोदर-सरिया एसडीपीओ धनंजय राम के अनुसार, अपराधियों ने देर रात किसी तेज धारदार हथियार से मिथिलेश यादव पर हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी और शव को सर्विस रोड पर फेंक कर फरार हो गए।मृतक मिथिलेश यादव क्षेत्र में गाड़ियों की वाशिंग का वर्कशॉप चलाते थे और साथ ही सामाजिक गतिविधियों में भी काफी सक्रिय रहते थे। हालांकि, हत्या के असली कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।
सड़क पर उतरा जनसैलाब, नेशनल हाईवे किया जाम
जैसे ही मिथिलेश की हत्या की खबर आग की तरह फैली, ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने हत्यारों की तुरंत गिरफ्तारी और उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर नेशनल हाईवे को पूरी तरह से जाम कर दिया। एनएच पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया। बाद में पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद किसी तरह जाम हटाया गया।
आला अधिकारी और दिग्गज नेता पहुंचे मौके पर
सनसनीखेज वारदात की सूचना पाते ही एसडीपीओ धनंजय राम, पुलिस इंस्पेक्टर अजय कुमार और थाना प्रभारी राजेश कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने मौका-ए-वारदात से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घटना की गंभीरता को देखते हुए बगोदर विधायक नागेंद्र महतो और पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और अपराधियों की जल्द से जल्द धरपकड़ की मांग की। इस दौरान प्रमुख आशा राज, उप प्रमुख हरेंद्र कुमार सिंह और भाकपा माले नेता रामेश्वर यादव समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
“घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिक जांच में तेज धारदार हथियार से हत्या की बात सामने आई है। पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”— धनंजय राम (एसडीपीओ, बगोदर-सरिया)

